चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने फिर सीएम फेस का राग अलापा है। सिद्धू ने हिंदी अखबार दैनिक भास्कर को दिए इंटरव्यू में कहा कि चुनाव में अभी एक महीना बाकी है। पिछल बार चुनाव से 10-12 दिन पहले कांग्रेस ने सीएम फेस का नाम लोगों के सामने रखा था। पंजाब के लोगों को साफ होना चाहिए कि पार्टी के पंजाब मॉडल को लागू कौन करेगा। बाकी हाईकमान जाने। सिद्धू ने कहा कि हाईकमान क्या सोच रहा है, इस बारे में मीडिया के जरिए नहीं बताएंगे। नवजोत सिद्धू के इस बयान से साफ हो रहा है कि वो खुद को सीएम फेस बनाने का दबाव कांग्रेस आलाकमान पर डाल रहे हैं। वजह ये है कि पिछले दिनों उन्होंने खुद प्रेस कॉन्फ्रेंस करके पार्टी का पंजाब मॉडल बताया था।
सिद्धू ने इंटरव्यू में ये भी ढिंढोरा पीटा कि उनमें योग्यता है और इसी वजह से कांग्रेस ने उन्हें ताकत दी है। सिद्धू ने कहा कि पंजाब के लिए उनका एक रोडमैप है। इस रोडमैप पर चलकर पंजाब में खुशहाली आएगी। इसी वजह से वो इसे पंजाब के लोगों का मॉडल कहते हैं। सिद्धू यहीं नहीं रुके। आगे उन्होंने ये भी कहा कि पंजाब किसी एक की प्रॉपर्टी नहीं है। बता दें कि सिद्धू पहले भी गाहे बगाहे खुद को पंजाब के अगले सीएम फेस की तरह पेश कर चुके हैं। लुधियाना में पिछले साल एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने मीडिया के सवालों का जवाब इस तरह दिया था, जैसे पंजाब का सीएम वो ही हैं।
दरअसल, पिछले दिनों कांग्रेस ने एक वीडियो जारी किया था। वीडियो में एक्टर सोनू सूद थे। सोनू की बहन मालविका सूद को कांग्रेस ने मोगा से टिकट दिया है। सोनू इस वीडियो में कहते दिखे थे कि कुर्सी का असली हकदार वो है, जिसे हाथ पकड़कर बिठाया जाता है। इस वीडियो के अंत में सीएम चरणजीत सिंह चन्नी को भी दिखाया गया था। तभी से कयास लग रहे हैं कि चन्नी ही कांग्रेस के सीएम फेस हैं। अब सिद्धू ने ताजा बयान देकर ये साफ कर दिया है कि चन्नी का फेस बतौर सीएम उन्हें मंजूर नहीं है। खास बात ये कि चन्नी के साथ भी सिद्धू का कोल्ड वॉर चल रहा है। कई बार सिद्धू ने चन्नी के फैसलों पर अंगुली उठाई है।















Leave a Reply