Advertisement

अलीगढ़ और मैनपुरी का नाम बदलने का प्रस्ताव पास, जानिए क्या होंगे नए जिलों के नाम

अलीगढ़। इलाहाबाद का प्रयागराज, फैजाबाद का अयोध्या और मुगलसराय का नाम दीन दयाल उपाध्याय नगर किए जाने के बाद अब बारी यूपी के दो जिलों के नाम बदलने की है। इनमें से एक है अलीगढ़ और दूसरा मैनपुरी। इससे पहले फिरोजाबाद का नाम बदलने का प्रस्ताव भी वहां की जिला पंचायत योगी सरकार को भेज चुकी है। अलीगढ़ की जिला पंचायत ने सोमवार को अलीगढ़ का नाम हरिगढ़ करने का प्रस्ताव पास किया।

जिला पंचायत के 72 में से 50 सदस्य इस दौरान मौजूद थे। इनमें से किसी ने भी नाम बदलने के प्रस्ताव का विरोध नहीं किया। अलीगढ़ का नाम हरिगढ़ करने की मांग काफी पुरानी है। जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह के मुताबिक प्रस्ताव को यूपी सरकार के पास भेजा गया है और वहां से इस बारे में फैसला होगा। बता दें कि अलीगढ़ को विश्व हिंदू परिषद और RSS से जुड़े दूसरे संगठन हमेशा हरिगढ़ ही कहते हैं। जिला पंचायत ने अलीगढ़ एयरपोर्ट का नाम यूपी के सीएम रहे कल्याण सिंह के नाम पर रखने का भी प्रस्ताव पास किया है। कल्याण सिंह अलीगढ़ के ही मूल निवासी हैं।

उधर, मैनपुरी जिला पंचायत ने भी जिले का नाम बदलकर मायन नगर रखने का प्रस्ताव पास किया। इस प्रस्ताव के पक्ष में 23 और विपक्ष में सिर्फ 2 वोट पड़े। बता दें कि मैनपुरी को समाजवादी पार्टी का गढ़ माना जाता है। मुलायम सिंह यादव यहां से लगातार 5 बार चुनाव जीतकर संसद पहुंच चुके हैं। इससे पहले फिरोजाबाद जिला पंचायत ने इसका नाम बदलकर चंद्रनगर रखने का प्रस्ताव पास किया था। लोगों को मानना है कि फिरोजाबाद की स्थापना चंद्रसेन नाम के राजा ने की थी। अकबर के राज से पहले तक इसे चंद्रावर नगर नाम से जाना जाता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *