नई दिल्ली। विनेश फोगाट ने ओलंपिक की कुश्ती स्पर्धा में हिस्सा लिया था। उनसे मेडल जीतने की उम्मीद थी, लेकिन वह लगातार हारते हुए मेडल से दूर हो गईं। ऐसा किस वजह से हुआ, इसका खुलासा अब राष्ट्रीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष और बीजेपी के बाहुबली सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने किया है। बृजभूषण के मुताबिक विनेश को जिस तरह की ट्रेनिंग दिलानी चाहिए थी, वैसा नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि विनेश को कोचिंग के लिए हंगरी भेजा गया। जिस कोच वोलेर एकोस को उन्हें ट्रेनिंग देनी थी, वह घर पर रहकर संघ से पैसा लेता रहा। उस कोच की पत्नी विनेश के साथ कुश्ती लड़ती।
आखिर में कोच की पत्नी का खेल सुधर गया और वह ओलंपिक के लिए क्वालिफाई कर गई। जबकि, विनेश का खेल खराब हो गया। बीजेपी सांसद के मुताबिक विनेश के अलावा 2 और खिलाड़ियों को मदद करने के नाम पर कुछ संस्थाओं ने बर्बाद कर दिया।
बृजभूषण सिंह ने कहा कि अगर टीम के बाकी खिलाड़ियों के साथ विनेश फोगाट रहतीं और प्रैक्टिस करतीं, तो उनको भी मेडल मिल जाता। यहां तक कि टोक्यो में विनेश ने बाकी खिलाड़ियों के साथ खेल गांव में रहने से इनकार कर दिया। वह हंगरी से अपने कोच के साथ सीधे टोक्यो पहुंची थीं। साथ ही विनेश फोगाट ने भारतीय टीम के प्रायोजक शिव नरेश की जर्सी पहनने तक से इनकार कर दिया और एक विदेशी कंपनी के कपड़े पहनकर रिंग में उतरती रहीं। इसे अनुशासनहीनता मानते हुए कुश्ती संघ ने उन्हें फिलहाल सस्पेंड कर दिया है और नोटिस देकर जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि पीएम खुद सभी खिलाड़ियों की परफॉर्मेंस के बारें में लगातार पूछते रहे। सरकार ने खिलाड़ियों पर पानी की तरह पैसा बहाया, लेकिन विनेश समझ नहीं सकीं कि उनसे क्या गलती हो रही है।
















Leave a Reply