नई दिल्ली। कांग्रेस को आज बड़ा झटका लगा है। यूपी के पडरौना से पार्टी के बड़े नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह ने पार्टी छोड़ दी है। वो बीजेपी ज्वॉइन कर रहे हैं। कांग्रेस ने कल ही स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की थी। इस लिस्ट में आरपीएन सिंह का नाम 15वें नंबर पर था। खबर है कि बीजेपी उन्हें पडरौना से पार्टी मैदान में उतार सकती है। पडरौना से स्वामी प्रसाद मौर्या चुनाव लड़ते हैं। स्वामी प्रसाद योगी सरकार में मंत्री थे और बीते दिनों तमाम तरह के आरोप लगाकर वो सपा में चले गए थे। अगर आरपीएन सिंह को बीजेपी पडरौना से उम्मीदवार बनाती है, तो कांग्रेस को झटका लगने के साथ ही स्वामी प्रसाद के लिए भी दिक्कत हो सकती है।
आरपीएन सिंह पूर्वांचल के बड़े नेताओं में गिने जाते हैं। वो कुशीनगर के सैंथवार के शाही खानदान के हैं। कांग्रेस से उनका पुराना नाता है। अपने पिता सीपीएन सिंह की ही तरह वो भी पडरौना से विधायक रहे। साल 1996 से 2009 तक यूपी के विधायक रहने के बाद आरपीएन सिंह 15वीं लोकसभा में बतौर सांसद चुने गए थे। 16वीं लोकसभा के चुनाव में बीजेपी के राजेश पांडेय से आरपीएन हार गए। वो केंद्र की यूपीए सरकार में गृह राज्य मंत्री भी रहे। आरपीएन सिंह की पत्नी सोनिया एक अंग्रेजी न्यूज चैनल की मैनेजिंग एडिटर हैं।
हाल ही में कांग्रेस की पोस्टर गर्ल प्रियंका मौर्या ने भी बीजेपी ज्वॉइन की थी। जबकि, बरेली की पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन कांग्रेस का टिकट मिलने के बाद भी सपा में चली गईं। यही हाल रामपुर का भी है। यहां कांग्रेस की सांसद रहीं और नवाब खानदान की बेगम नूर बानो के पौत्र हैदर अली भी कांग्रेस का टिकट मिलने के बावजूद बीजेपी की सहयोगी अपना दल-एस के उम्मीदवार बन गए।

















Leave a Reply