Advertisement

कांग्रेस नेता और पूर्व गृह मंत्री शिवराज पाटिल के निधन पर संसद में दी गई श्रद्धांजलि

नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री और लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष शिवराज पाटिल का आज निधन हो गया। वो 91 वर्ष के थे और पिछले काफी लंबे से बीमार चल रहे थे। वो महाराष्ट्र की लातूर लोकसभा सीट से सात बार सांसद रहे। मुंबई में 2008 में जब आतंकी हमला हुआ तो शिवराज पाटिल केंद्र सरकार में गृह मंत्री थे, उन्होंने इस घटना के बाद पद से इस्तीफा दे दिया था। पाटिल के निधन पर लोकसभा में सांसदों ने एक मिनट का मौन रखकर उनको श्रद्धांजलि दी। वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम नरेंद्र मोदी समेत कई अन्य नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, वरिष्ठ राजनीतिज्ञ शिवराज पाटिल के निधन से हमने एक प्रख्यात जन व्यक्तित्व को खो दिया है। अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में वोलोकसभा अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री, राज्यपाल और दीर्घकालिक सांसद सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर आसीन रहे। उनके परिवार, शुभचिंतकों और प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।

वहीं प्रधानमंत्री मोदी ने शिवराज पाटिल के साथ अपनी एक पुरानी फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा है, उनके निधन से मुझे गहरा दुःख हुआ। वे एक अनुभवी नेता थे, जिन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री, महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष और लोकसभा अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। वे समाज कल्याण में योगदान देने के लिए अत्यंत समर्पित थे। वर्षों से मेरा उनसे कई बार संपर्क रहा, जिनमें से सबसे हाल ही में कुछ महीने पहले वे मेरे निवास पर आए थे। इस दु:ख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं, ओम शांति। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सांसदों ने पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *