Advertisement

कांग्रेस में वापस जाएंगे कैप्टन अमरिंदर सिंह?, बीजेपी के बारे में ताजा बयान से अटकलों ने पकड़ा जोर

नई दिल्ली। पंजाब के दिग्गज नेताओं में शुमार पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के ताजा बयान ने अटकलों को जन्म दे दिया है। अटकलें लग रही हैं कि क्या कैप्टन अमरिंदर सिंह बीजेपी का साथ छोड़कर फिर कांग्रेस में जाएंगे? दरअसल, कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि उनको बीजेपी का नजरिया कठोर लगता है। जबकि, कांग्रेस ज्यादा लचीली और परामर्श वाली पार्टी है। अमरिंदर सिंह अभी बीजेपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य हैं। खास बात ये है कि नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी पर कांग्रेस की कार्रवाई के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह का ये बयान आया है। हालांकि, अमरिंदर ने कहा है कि वो कांग्रेस में नहीं लौटेंगे। जरूरत पड़ने पर सोनिया गांधी की गैर राजनीतिक मदद जरूर करेंगे।

अमरिंदर सिंह ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के आचरण से आहत होकर कांग्रेस छोड़ दी थी। जिसके बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पंजाब लोक कांग्रेस बनाई। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने साल 2022 में अपनी पार्टी का बीजेपी में विलय किया था। कैप्टन के साथ आने के बाद लग रहा था कि बीजेपी पंजाब विधानसभा चुनाव में ज्यादा सीट हासिल कर सकती है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। कैप्टन अमरिंदर सिंह बीजेपी में आने के बाद आम तौर पर कुछ नहीं बोलते दिखे, लेकिन अब उनका ताजा बयान बीजेपी की जगह कांग्रेस को पसंदीदा बताने जैसा लग रहा है। इसकी वजह से अटकलों ने जोर पकड़ा है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह फिर कांग्रेस खेमे में लौट सकते हैं।

कैप्टन अमरिंदर सिंह दो बार पंजाब के सीएम रहे। पंजाब कांग्रेस में उनकी तूती बोलती थी। फिर नवजोत सिंह सिद्धू जब कांग्रेस में आए, तो उनके और कैप्टन अमरिंदर सिंह के बीच तलवारें खिंच गईं। नवजोत सिंह सिद्धू ने कैप्टन अमरिंदर सिंह पर तमाम आरोप लगाए। पंजाब कांग्रेस में सिद्धू बनाम कैप्टन की जंग इतनी बढ़ी कि अमरिंदर सिंह को कांग्रेस छोड़नी पड़ गई। अब कांग्रेस पर नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी ने गुटबाजी और सीएम पद के लिए 500 करोड़ रुपए लेने का आरोप लगाया और उनके खिलाफ कार्रवाई हुई। इसके बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बीजेपी और कांग्रेस की तुलना करने वाला बयान दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *