Advertisement

केजरीवाल कहते हैं भ्रष्टाचार मिटाऊंगा, पंजाब में उन्हीं की AAP पर टिकट बेचने का आरोप

चंडीगढ़। राजनीति में शुचिता और भ्रष्टाचार की विदाई। ये नारा देकर अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी यानी AAP बनाई थी। चंद साल में यही पार्टी अब भ्रष्टाचार का गढ़ बनती दिख रही है। ये हम नहीं कह रहे। पंजाब में आप के नेता ये आरोप लगा रहे हैं। इन नेताओं ने आज बाकायदा प्रेस कॉन्फ्रेंस करके आरोप लगाया कि पार्टी में टिकट की सौदेबाजी हो रही है।

चंडीगढ़ प्रेस क्लब में आम आदमी पार्टी के यूथ विंग के अध्यक्ष गुरतेज सिंह पन्नू, यूथ विंग के शेरा भानबौरा और अन्य नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर टिकट घोटाला होने और अन्य आरोप जड़े। खबर लिखे जाने तक आम आदमी पार्टी के नेतृत्व की ओर से इन आरोपों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।

बता दें कि बीते दिनों आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता और दिल्ली में एमएलए राघव चड्ढा भी चंडीगढ़ में इन्हीं आरोपों का सामना कर चुके हैं। राघव चड्ढा चंडीगढ़ गए थे, जहां पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया। प्रेस कॉन्फ्रेंस छोड़कर राघव को अपनी कार से वहां से बैरंग वापस लौटना पड़ा था। आप के कार्यकर्ता इस दौरान उनसे लगातार अपने सवालों का जवाब मांगते दिखाई दिए थे। अब आज आप के यूथ विंग के अध्यक्ष और अन्य नेताओं ने केजरीवाल की पार्टी में पैसों की कमाई के लिए टिकट बेचे जाने का आरोप लगाकर उसे सवालों के घेरे में ला दिया है।

इससे पहले पंजाब के ही चुनाव में उतरे किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल ने भी एक अंग्रेजी अखबार को दिए इंटरव्यू में आरोप लगाया था कि आम आदमी पार्टी में टिकट बेचे जा रहे हैं। राजेवाल ने बाकायदा कहा था कि इसी वजह से वो चुनाव में आम आदमी पार्टी के साथ कोई समझौता करने के खिलाफ हैं, क्योंकि वो राजनीति से इस तरह के भ्रष्टाचार को मिटाना चाहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *