नई दिल्ली। पंजाब में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। लेकिन उससे पहले चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर को लेकर एक बड़ी सामने आई है। दरअसल प्रशांत किशोर यानी पीके ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के सलाहकार पद से इस्तीफा दे दिया है। ऐसे में माना जा रहा है कि वह जल्द कांग्रेस में शामिल हो सकते है। बता दें कि पिछले दिनों प्रशांत किशोर ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल और प्रियंका से मुलाकात की थी। तभी से कांग्रेस संगठन में बड़ा पद मिलने की बात कही जा रही है।
सीएम अमरिंदर को लिखे पत्र में प्रशांत किशोर ने कहा कि, सार्वजनिक जीवन में सक्रिय भूमिका से अस्थायी अवकाश लेने के अपने निर्णय के मद्देनजर, मैं आपके प्रधान सलाहकार के रूप में जिम्मेदारियों को संभालने में सक्षम नहीं हूं। मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि कृपया मुझे इस जिम्मेदारी से मुक्त करें।
प्रशांत किशोर यानी पीके। वही पीके, जिनके बारे में दावा किया जाता है कि जिस पार्टी से वह जुड़ जाते हैं, उसे चुनाव जितवाकर रहते हैं, लेकिन वरिष्ठ पत्रकार प्रदीप सिंह का कहना है कि पीके को राजनीति का रणनीतिकार के तौर पर प्रोजेक्ट करने का सिर्फ हौव्वा खड़ा किया गया है। प्रदीप सिंह ने तथ्यों के जरिए पीके के पक्ष में फुलाए गए गुब्बारे की हवा एक वीडियो जारी कर निकाल दी है। प्रदीप सिंह ने यह सवाल भी उठाया है कि क्या प्रशांत किशोर बीजेपी के जासूस हैं ? कई बड़े संस्थानों में वरिष्ठ पदों पर रह चुके प्रदीप सिंह नामचीन पत्रकार हैं। आजकल वह यूट्यूब पर ‘आपका खबर’ नाम से चैनल चलाते हैं। प्रदीप ने ताजा वीडियो जारी कर चुनावी रणनीतिकार के तौर पर चर्चा में आए प्रशांत किशोर के कामकाज की परतें उघाड़ दी हैं।
प्रदीप सिंह ने अपने वीडियो में सिलसिलेवार तरीके से प्रशांत किशोर के अब तक के कामकाज का हवाला दिया है। उन्होंने बताया है कि किस तरह 2012-13 से पीके, नरेंद्र मोदी से जुड़े। फिर किस तरह मोदी ने 2014 जीता, तो उसका सेहरा अपने सिर बांध लिया। फिर 2015 में बीजेपी से खफा नीतीश कुमार से मिले और वहां कामकाज चलाया। प्रदीप सिंह ने वीडियो में दावा किया है कि नीतीश कुमार ने भले ही पीके को साथ रखा, लेकिन उनसे चंद नारे लिखवाए और लालू प्रसाद की आरजेडी से सीटों के तालमेल के लिए उनका काम लिया। वरिष्ठ पत्रकार ने अपने वीडियो में बताया है कि जब नीतीश फिर बीजेपी के साथ आए, तो प्रशांत किशोर को इसकी हवा तक नहीं लगने दी थी।
साल 2017 में प्रशांत किशोर कांग्रेस के साथ थे। प्रदीप सिंह के मुताबिक उन्होंने पार्टी आलाकमान को भरोसा दिलाया था कि वह कांग्रेस की सरकार बनवा देंगे, लेकिन 7 सीटें लाकर कांग्रेस की दुर्गति हो गई। इसी तरह पंजाब के लिए उनका कहना है कि पीके के करिश्मे से वहां कांग्रेस की सरकार नहीं बनी। सरकार इसलिए बनी क्योंकि पंजाब के लोग अकालियों से नाराज थे।

















Leave a Reply