चंडीगढ़। सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह की आपत्तियों को कांग्रेस आलाकमान के हाथों दरकिनार कर पंजाब में पार्टी अध्यक्ष बने नवजोत सिंह सिद्धू लगातार कैप्टन को किसी न किसी मुद्दे पर पटकनी दे रहे हैं। ताजा मामला मंत्रियों की ड्यूटी का है। सिद्धू ने कैप्टन से मुलाकात कर सरकार के 16 मंत्रियों की ड्यूटी पंजाब कांग्रेस दफ्तर में लगवा ली है।
सिद्धू का कहना है कि चुनाव से पहले मंत्री अगर पार्टी दफ्तर में भी समय देंगे, तो ये पार्टी के लिए अच्छा रहेगा। इस फैसले पर सिद्धू ने कैप्टन अमरिंदर से मिलकर मुहर लगवा ली। इस दौरान दोनों की तस्वीरें सामने आई हैं। एक तस्वीर में कैप्टन हताश-निराश और सिद्धू मुस्कुराते दिख रहे हैं। सिद्धू इससे पहले भी कैप्टन के लिए मुसीबत खड़ी करते रहे हैं। पिछले दिनों उन्होंने कैप्टन को लंबी-चौड़ी चिट्ठी लिखी थी। सिद्धू ने इस चिट्ठी में मांग की थी कि पंजाब सरकार, कांग्रेस के घोषणापत्र के वादों को पूरा करे। कई वादों का जिक्र भी सिद्धू ने किया था।
इस पर कैप्टन ने कहा था कि सरकार ज्यादातर वादे पूरे कर चुकी है। इसके अलावा ड्रग केस में अकाली नेता बिक्रम मजीठिया के मसले को लेकर भी सिद्धू ने कैप्टन सरकार पर कार्रवाई न करने का बड़ा आरोप लगाया था। सिद्धू ने कहा था कि सरकार जान बूझकर मजीठिया के मामले में कोर्ट में ढीला ढाला रुख अपनाए हुए है।
वहीं, पिछले दिनों कैप्टन अमरिंदर की पत्नी और कांग्रेस सांसद परनीत कौर ने सिद्धू पर निशाना साधा था। परनीत ने कहा था कि सिद्धू को सोच-समझकर बोलना चाहिए। उन्होंने कहा था कि पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष भले ही सिद्धू बन गए हों, लेकिन कैप्टन की हैसियत को उन्हें कम नहीं आंकना चाहिए।

















Leave a Reply