Advertisement

चक्रवाती तूफान तौकते का असर, मुंबई में रिकॉर्डतोड़ बारिश, 6 लोगों की मौत

मुंबई। चक्रवाती तूफान तौकते का असर गुजरात और मुंबई जैसे बड़े शहरों पर देखने को मिलने लगा है। सोमवार को यह तूफान मुंबई से होते हुए गुजरात तट की तरफ जब जा रहा था तो उस दौरान शहर में 114 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से भी अधिक तेज आंधी चलने का अनुमान लगाया गया। इतना ही नहीं देश की आर्थिक राजधानी मुंबई पर इस चक्रवाती तूफान का कुछ ऐसा असर रहा कि, पिछले 21 साल की बारिश का रिकॉर्ड टूट गया है।

बारिश की वजह से मुंबई की हालत बदलती नजर आ रही है। जगह-जगह पर जलभराव की तस्वीरें सामने आ रही हैं। वहीं राहत की बात ये है कि, मंगलवार को मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि चक्रवात तौकते सोमवार की मध्यरात्रि में सौराष्ट्र क्षेत्र के दीव और ऊना के बीच गुजरात तट से टकराने के बाद कमजोर पड़ गया है।

इसके अलावा सोमवार रात में भीषण चक्रवाती तूफान गुजरात के सौराष्ट्र तट से आ टकराया था, जिसके दौरान हवा की रफ्तार 185 किलोमीटर प्रति घंटे हो गई। इससे पहले, चक्रवात के कारण मुंबई में भारी वर्षा हुई। जो रिकॉर्डतोड़ रही। वहीं गुजरात में एहतियात के तौर पर दो लाख से अधिक लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना पड़ा। महाराष्ट्र में इस चक्रवाती तूफान का ऐसा असर देखने को मिला है कि, खबर लिखे जाने तक इसकी वजह से छह की मौत हो गई है। वहीं मुंबई में भारी बारिश के कारण कई जगह सड़कों पर जलभराव की स्थिति देखी गई।

भारतीय मौसम विभाग (IMD, आइएमडी) ने मंगलवार को जानकारी दी कि, गुजरात तट पर ‘ताऊ ते’ तूफान के लैंडफॉल की प्रक्रिया जारी है। इस चक्रवात से 14 जिले प्रभावित हुए हैं। गुजरात में हवाओं की रफ्तार इतनी तेज रही कि, सूरत में कई जगह पेड़ गिरे नजर आ रहे हैं। पेड़ों को काटकर रास्ते से हटाने का काम जारी है। सूरत में अभी भी तेज़ हवाओं के साथ बारिश हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *