Advertisement

चीन की आर्थिक राजधानी शंघाई के बड़े इलाके में लगा लॉकडाउन, 2.60 करोड़ लोगों की टेस्टिंग जारी

शंघाई। कोरोना जहां से फैला, उसी चीन में अब इस महामारी ने हालात बेकाबू कर दिए हैं। चीन के कई हिस्सों में सरकार ने लॉकडाउन लगाया था, लेकिन मरीजों की तादाद लगातार बढ़ती गई। अब इस लॉकडाउन की जद में चीन का सबसे बड़ा शहर शंघाई भी आ गया है। शहर के बड़े हिस्से को सरकार ने बंद करने का एलान किया है। यहां बड़े पैमाने पर लोगों की कोरोना टेस्टिंग चल रही है। शंघाई को चीन की आर्थिक राजधानी कहा जाता है। स्थानीय प्रशासन ने सरकारी मीडिया के जरिए जानकारी दी है कि शंघाई के पूडोंग और उसके आसपास के इलाकों में अगले शुक्रवार तक लॉकडाउन लगाया गया है। पूडोंग को शहर का वित्तीय मामलों वाला इलाका माना जाता है। शंघाई के बीच से होकर हुआंगपू नदी बहती है। इसके पश्चिमी किनारे के इलाकों में शुक्रवार से 5 दिन का लॉकडाउन लगाया जाएगा।

शंघाई प्रशासन के मुताबिक लॉकडाउन वाले इलाकों में हर व्यक्ति को घर पर ही रहना होगा। उसका बाहरी संपर्क बंद करने के लिए जरूरी चीज की डिलिवरी एक खास जगह की जाएगी। लॉकडाउन के दौरान शहर में जरूरी कारोबार को छोड़कर सभी दफ्तरों को बंद करने के आदेश दिए गए हैं। शहर में बसें और टैक्सी भी नहीं चल रही हैं। डिज्नी थीम पार्क भी यहां आम लोगों के लिए बंद रखा गया है। शंघाई में करीब ढाई करोड़ लोग रहते हैं। यहां सबके कोरोना टेस्ट किए जा रहे हैं। शहर के कुछ हिस्सों में काफी पहले भी लॉकडाउन किया गया था।

चीन में इस महीने अब तक 56000 से ज्यादा कोरोना मरीज मिल चुके हैं। सबसे ज्यादा कोरोना के मरीज पूर्वोत्तर के जिलिन प्रांत में मिले हैं। शंघाई में सबसे कम केस मिले। शनिवार को शहर में 47 नए मरीज मिले हैं। जिसके बाद संक्रमण को रोकने के लिए सरकार ने तुरंत लॉकडाउन लगाने का फैसला किया है। बता दें कि चीन से ही कोरोना महामारी की शुरुआत साल 2019 के नवंबर महीने में हुई थी। जिसके बाद महामारी पूरी दुनिया में फैल गई। इससे अब तक करोड़ों लोगों की जान जा चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *