Advertisement

छत्तीसगढ़ कांग्रेस में बघेल-सिंहदेव की जंग और तेज

रायपुर। कांग्रेस का दूसरा नाम ही गुटबाजी का अड्डा हो गया है। हालत ये है कि जहां भी कांग्रेस है, वहां नेताओं के बीच अपना वर्चस्व दिखाने की होड़ लगी है। कुछ ऐसा ही नजारा काफी समय से छत्तीसगढ़ में भी दिख रहा है। वहां सीएम भूपेश बघेल और स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव के बीच शीतयुद्ध अब और गरमाता दिख रहा है। बाबा के नाम से मशहूर सिंहदेव और बघेल के बीच टकराव पहले भी सार्वजनिक होते रहे हैं और कांग्रेस आलाकमान यानी गांधी परिवार को इसे शांत कराने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी थी। अब एक बार फिर भूपेश बघेल ने सिंहदेव को चुनौती दी है। ये चुनौती सिंहदेव की तरफ से लगवाए गए होर्डिंग को उतारकर दी गई है।

दरअसल, आज राहुल गांधी को रायपुर जाना है। राहुल को अहमदाबाद में गांधीजी के सेवाग्राम आश्रम की तर्ज पर रायपुर में बनने जा रहे सेवाग्राम का शिलान्यास करना है। राहुल के स्वागत के लिए कांग्रेस के तमाम नेताओं ने रायपुर में बैनर, पोस्टर और होर्डिंग लगवाए हैं। टीएस सिंहदेव ने भी ऐसे होर्डिंग लगवाए थे। कल सिंहदेव के लगवाए ऐसे सारे होर्डिंग उतरवा दिए गए। इससे साफ है कि बघेल बनाम सिंहदेव की जंग शांत नहीं हुई है। अब अपने होर्डिंग को उतरवाने से सिंहदेव की नाराजगी किस तरह सामने आती है, इस पर सबकी नजर है।

बता दें कि सिंहदेव और भूपेश बघेल के बीच संघर्ष का नजारा पिछले साल उस वक्त दिखा था, जब अपने ही सीएम पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाकर उनसे जवाब मांगते हुए सिंहदेव ने विधानसभा से वॉकआउट कर दिया था। सिंहदेव काफी समय तक विधानसभा नहीं गए थे। उस वक्त बघेल कैंप के एक विधायक ने सिंहदेव को धमकी दे दी थी। इसके बाद ही सिंहदेव ने विधानसभा में बघेल को घेर लिया था। अब बघेल ने उनके लगवाए होर्डिंग उतारकर ये जता दिया है कि छत्तीसगढ़ में वो ही एक मात्र बड़े नेता हैं। इससे छत्तीसगढ़ कांग्रेस में अब उठापटक का दौर और तेज होने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *