नई दिल्ली। अब तक देश के तमाम रूट पर चेयर कार वाली वंदे भारत ट्रेनें दौड़ रही हैं। अब देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन भी चलने के लिए तैयार है। हिंदुस्तान अखबार की खबर के मुताबिक देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन दिल्ली से पटना के बीच शुरू होगी। वंदे भारत स्लीपर ट्रेन दिसंबर के अंत से दिल्ली और पटना के बीच चल सकती है। अखबार के मुताबिक रेलवे इस वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का परिचालन शुरू करने के लिए तैयारियों के अंतिम चरण में है। खबर के मुताबिक बेंगलुरु स्थित भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड ने वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का एक रेक तैयार किया है। वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का दूसरा रेक तैयार हो रहा है।
भारत अर्थ मूवर्स की फैक्टरी में बनी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की रेक 12 दिसंबर 2025 को उत्तर रेलवे को सौंपी जाएगी। इसके बाद दिल्ली-पटना रूट पर वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के रेक का ट्रायल किया जाएगा। वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में 16 कोच लगाए गए हैं। इनको बढ़ाकर 24 किया जा सकेगा। वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में थर्ड एसी की 611 बर्थ होंगी। जबकि, वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के सेकंड एसी में 188 और फर्स्ट एसी में 24 बर्थ हैं। यानी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में कुल 827 यात्री सफर कर सकेंगे। वंदे भारत चेयर कार की ही तरह वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में भी ऑटोमैटिक दरवाजे, बायो टॉयलेट, सीसीटीवी कैमरा, हर बर्थ पर रीडिंग लाइट और प्रीमियम इंटीरियर डिजाइनिंग की गई है।
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन भी 160 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम रफ्तार से पटरी पर दौड़ सकेगी। वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के इंजन में कवच सिस्टम लगाया गया है। ताकि अन्य किसी ट्रेन से इसका टकराव रोका जा सके। इसके अलावा अगर हादसा हुआ, तो क्रैश रेजिस्टेंट फीचर के कारण यात्रियों की जान भी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में सुरक्षित रहेगी। बताया जा रहा है कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन तेजस राजधानी एक्सप्रेस की तरह नई दिल्ली से राजेंद्र नगर पटना तक चलाई जाएगी। जानकारी के मुताबिक वंदे भारत शाम को पटना से चलकर अगले दिन सुबह नई दिल्ली स्टेशन पहुंचेगी। जबकि, शाम को दिल्ली से पटना के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस की रेक रवाना होगी। इस तरह दिल्ली-पटना के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की दो रेक चलेंगी।
















Leave a Reply