Advertisement

ट्रेनी IPS अफसरों को PM मोदी का मंत्र, कहा- युवाओं से इच्छाशक्ति मांग रहा है आज का भारत

नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी  ने आज ट्रेनिंग हासिल कर रहे आईपीएस अफसरों से सीधा संवाद किया। वर्चुअल तरीके से हुए इस संवाद में मोदी ने ट्रेनी आईपीएस अफसरों से पुलिसिंग के बारे में जानकारी ली। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाने और अपराधियों से लड़ने के गुर दिए। मोदी ने कहा कि गांधीजी ने नमक सत्याग्रह से अंग्रेज सरकार की नींव हिला दी थी। उन्होंने कहा कि अगर आप ठान लें, तो हर मुश्किल में विजय हासिल करने के लिए ईश्वर भी आपका साथ देता है। उन्होंने कहा कि आप सभी युवाओं से देश ऐसी ही इच्छाशक्ति मांग रहा है। उन्होंने कहा कि आपको बुनियाद बनानी है, जिससे अनुशासित भारत बनेगा। उन्होंने कहा कि वर्दी की मर्यादा को सबसे आगे रखना है और सिर्फ थाने और पुलिस हेडक्वॉर्टर तक ही सीमित नहीं रहना है। साथ ही देशहित की सोचकर ही फैसले लेने होंगे।

उन्होंने कहा कि पुलिस को भविष्य की चुनौतियों के बारे में सोचना चाहिए, लेकिन लोगों के साथ जुड़ना बहुत जरूरी है। मोदी ने पुलिस बल में बड़ी तादाद में महिलाओं के शामिल होने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि इससे बेटियां प्रेरित होंगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने के लिए अफसरों को बालिकाओं के स्कूल में भी जाकर उनसे बातचीत करना चाहिए। पीएम ने साइबर क्राइम से महिलाओं और बच्चियों को निशाना बनाए जाने पर चिंता जताई। उन्होंने नक्सलियों की हिंसा रोकने के लिए आदिवासियों से संवाद और विकास पर जोर दिया।

मोदी ने कम्युनिकेशन की बात करते हुए कहा कि इसके जरिए पुलिस अफसर आम लोगों से सीधे जुड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि आम लोगों से संवाद ही आपको कामयाब बनाएगा। उन्होंने सिस्टम को बदलने का मंत्र भी अफसरों को दिया। इस कार्यक्रम में मोदी ने कई विदेशी पुलिस अफसरों से भी बातचीत की। उन्होंने सभी को शुभकामनाएं दी और कहा कि वे अपने देशों में अपराध रोकने में कामयाब होंगे। इस कार्यक्रम में गृहमंत्री अमित शाह भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *