Advertisement

ट्विटर-फेसबुक को टक्कर देने नया सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लेकर आ रहे एलन मस्क, अरबपति ने ऐसे दिए संकेत

नई दिल्ली। अमेरिका के अरबपति उद्योगपति और टेस्ला के सीईओ एलन मस्क ने फेसबुक, ट्विटर की तरह ही अपना नया सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लॉन्च करने की ओर इशारा किया है।  27 मार्च 2022 को उन्होंने भारत के सॉफ्टवेयर डेवलपर ‘प्रणय पाथोले’ से ट्विटर पर बातचीत की, इस दौरान उन्होंने इस बात का खुलासा किया। एलन मस्क के ट्वीट पर पाथोले ने उनसे सवाल करते हुए पूछा, “एलन मस्क, क्या आप एक नया सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म बनाने पर विचार कर रहे हैं? एक ऐसा प्लेटफॉर्म, जिसमें एक ओपन-सोर्स एल्गोरिदम हो और जहाँ फ्री स्पीच और फ्री स्पीच का पालन करने को सबसे अधिक प्राथमिकता दी जाती हो। मुझे लगता है कि इस तरह के एक प्लेटफॉर्म की काफी जरूरत है।” बता दें, एलन मस्क और पाथोले ट्विटर पर दोस्त हैं। पाथोले के इस सवाल के जवाब में मस्क ने कहा, “(मैं) इस पर गंभीरता से सोच कर रहा हूँ।” एलन मस्क का इस रहस्य से पर्दा उठाना इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि फेसबुक औऱ ट्विटर जैसे प्लेटफॉर्म के मनमाने सेंसरशिप के कारण एक ओपन सोर्स प्लेटफॉर्म की माँग काफी बढ़ी है।

बता दें, उन्होंने ट्विटर पर एक ऑनलाइन सर्वे शुरू किया था, जिसमें मस्क ने लोगों से पूछा था कि ‘क्या ट्विटर के एल्गोरिदम को एक ओपन-सोर्स बना दिया जाना चाहिए?’ उनके इस पोल पर 2 मिलियन, यानी  20 लाख लोगों का रिप्लाई आया था, जिसमें से करीब 82.7% लोगों ने उनके इस प्रस्ताव पर हाँ की मुहर लगा दी थी। मस्क के इस ट्वीट पर ट्विटर के संस्थापक और कंपनी के पूर्व सीईओ ‘जैक डोर्सी’ ने भी बयान जारी करते हुए कहा था कि, “किसी भी एल्गोरिदम को इस्तेमाल करने या नहीं करने का विकल्प सभी के लिए खुला होना चाहिए।” इसके बाद शुक्रवार, 25 मार्च 2022  को टेस्ला के CEO ने एक और सर्वे ट्विटर पर पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने ट्विटर को लेकर कुछ सवाल पूछे। इस सवाल में उन्होंने पूछा कि ‘फ्री स्पीच एक सुचारू लोकतंत्र के लिए जरूरी है।’ क्या ट्विटर ने इस सिद्धांत का सख्ती से पालन किया है? इस पर करीब 20 लाख लोगों में से लगभग 70 प्रतिशत लोगों ने माना कि ट्विटर फ्री स्पीच के सिद्धांत को बनाए रखने में असफल साबित हुआ है।

मस्क ने ये भी कहा, “इस चुनाव के रिजल्ट बहुत महत्वपूर्ण होंगे। कृपया ध्यान से वोट करें।” इसके बाद टेस्ला के CEO ने 26 मार्च 2022 को ट्विटर पर कहा, “ये देखा गया है कि ट्विटर पब्लिक टाउन स्क्वेयर के तौर पर काम करता है और फ्री स्पीच कि सिद्धांतों का पालन नहीं कर पाने से लोकतंत्र कमजोर होता है। इसके लिए क्या करना चाहिए?” इसके साथ ही उन्होंने एक और सवाल किया, “क्या नए प्लेटफॉर्म की जरूरत है।”

इन सारे सर्वे के परिणाम देखने के बाद आखिरकार, रविवार को एलन मस्क ने खुले तौर पर इस बात का खुलासा कर दिया, कि वो एक नए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को शुरू करने के बारे में सोच रहे हैं, जो ओपन सोर्स होने के साथ ही फ्री स्पीच का भी समर्थन करेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *