Advertisement

तालिबान की तारीफ करने पर फंसे सपा के सांसद शफीकुर्रहमान, हुआ देशद्रोह का केस दर्ज

नई दिल्ली। तालिबान की तारीफ में कसीदे पढ़ने वाले उत्तर प्रदेश के संभल से सपा के सांसद शफीकुर्रहमान बर्क की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दरअसल यूपी पुलिस ने बुधवार को शफीकुर्रहमान बर्क के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने सपा सांसद के खिलाफ कई धाराओं में केस दर्ज किया है। एसपी संभल चक्रेश मिश्रा ने इसकी जानकारी दी है।

बता दें कि मीडिया से बात करते हुए शफीकुर्रहमान बर्क ने अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे को सही ठहराया था। उन्होंने आतंकी संगठन तालिबान की तुलना देश के स्वतंत्रता सेनानियों से कर डाली थी। इतना ही नहीं शफीकुर्रहमान इस बयान के बाद विवादों में घिर गए। हालांकि बाद में विवाद बढ़ता देख शफीकुर्रहमान ने पलटी मारते हुए इस मामले में मोदी सरकार की नीति का समर्थन करने की बात कही।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल की शिकायत पर मंगलवार देर रात सदर थाने में सपा सांसद बर्क के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं एसपी के संभल ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि, ”थाना संभल कोतवाली में कल देर रात संभल सांसद शफीकुर्रहमान बर्क और 2 अन्य के ख़िलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया। तहरीर में बताया गया कि इन्होंने तालिबान के संबंध में भड़काऊ बयान दिए, एक मीडिया ब्रीफिंग में तालिबान की तुलना भारत के स्वाधीनता सेनानियों से की गई।”

उन्होंने आगे कहा कि, ”तालिबान भारत सरकार द्वारा घोषित एक आतंकवादी संगठन है, इस तरह के बयान देशद्रोह की श्रेणी में आते हैं। उपरोक्त लिखित तहरीर के आधार पर उपरोक्त तीनों लोगों के ख़िलाफ धारा-124 ए, 153 ए और 295 ए IPC के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।”

जानिए क्या कहा था शफीकुर्रहमान बर्क

शफीकुर्रहमान ने कहा था कि तालिबान अपने देश की आजादी के लिए लड़ रहा है और यह अफगानिस्तान का आंतरिक मामला है। उन्होंने कहा, जब भारत ब्रिटिश शासन के अधीन था, हमारे देश ने आजादी के लिए लड़ाई लड़ी थी। अब तालिबान अपने देश को मुक्त करना और चलाना चाहता है। तालिबान एक ऐसी ताकत है जिसने रूस और अमेरिका जैसे मजबूत देशों को भी अपने देश में बसने की इजाजत नहीं दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *