Advertisement

तेलंगाना के सीएम चंद्रशेखर राव का विवादित बयान, बोले- फिर से संविधान लिखने की जरूरत

हैदराबाद। तेलंगाना के सीएम और तेलंगाना राष्ट्र समिति TRS के नेता के. चंद्रशेखर राव ने विवादित बयान दिया है। चंद्रशेखर राव ने संविधान को फिर से लिखे जाने की जरूरत बताई है। बयान में चंद्रशेखर राव ने ये भी कहा कि देश में आमूलचूल बदलाव के लिए फिर से एक क्रांति की जरूरत है। मंगलवार को अपने बयान में चंद्रशेखर राव ने संविधान के खिलाफ बात तो की ही। साथ ही ये भी कहा कि युवाओं को अपनी जरूरत के लिए ऊपर उठने और लड़ने की जरूरत है। सीएम अब इस संबंध में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से मुलाकात करने मुंबई का दौरा करने भी जा रहे हैं।

केसीआर ने कहा कि देश में गुणात्मक परिवर्तन की इस समय जरूरत है। देश में नई सोच, नया संविधान लाया जाना चाहिए।‌ उन्होंने इस बारे में सभी नेताओं से मिलने और अपनी बात साझा करने की बात कही। राव ने कहा कि इस देश के युवाओं को ऊपर उठने और लड़ने की इस वक्त सख्त जरूरत है। उन्होंने आगे कहा कि अब भारत के लिए प्रतिक्रिया देने का और क्रांति का वक्त है। केसीआर ने कहा कि हम जल्द ही देश के लिए काम करेंगे और बहुत जल्द इस बारे में एलान करेंगे।

चंद्रशेखर राव ने ये विवादित बयान तब दिया है, जबकि वो खुद संविधान की शपथ लेकर तेलंगाना के सीएम बने हैं। वैसे, संविधान की प्रस्तावना को बदलने की मांग काफी समय से कुछ लोग करते आ रहे हैं। इसकी वजह उसमें इमरजेंसी के दौरान जोड़े गए दो शब्द हैं। इमरजेंसी के वक्त तत्कालीन पीएम इंदिरा गांधी ने संसद से संशोधन कराकर संविधान में ‘समाजवाद’ और ‘पंथनिरपेक्ष’ शब्द जोड़े थे। उस वक्त विपक्ष के नेता जेल में डाल दिए गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *