Advertisement

पंजाब कांग्रेस में नेताओं के बीच रार जारी, सिद्धू और ढिल्लो के बाद अब इन नेताओं में तनी तलवार

नई दिल्ली। पंजाब विधानसभा चुनाव में हार के बाद कांग्रेस की अंतर्कलह लगातार बढ़ती जा रही है। नवजोत सिद्धू और यूथ कांग्रेस प्रधान बरिंदर ढिल्लो के बाद अब । पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रमुख सुनील जाखड़ के बीच रार पैदा हो गई है। दरअसल, सुनील जाखड़ के दलितों को दिए विवादित बयान पर चन्नी भड़क गए हैं। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से मुलाकात कर पार्टी के वरिष्ठ नेता सुनील जाखड़ की शिकायत की है। चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता होने के बावजूद सुनील जाखड़ लगातार उनके खिलाफ बयान दे रहे हैं।

दरअसल, एक टीवी इंटरव्यू में दलितों पर दिए आपत्तिजनक बयान को लेकर पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रमुख सुनील जाखड़ की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। चन्नी के शिकायत करने के बाद पार्टी के नेताओं ने भी उन्हें निशाने पर ले लिया है। वहीं, पार्टी के पूर्व विधायक राज कुमार वेरका ने जाखड़ को पार्टी से निष्कासित करने की मांग की है।

बता दें कि, जाखड़ ने एक इंटरव्यू में चरणजीत सिंह चन्नी को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी देने के हाईकमान के फैसले पर सवाल उठाए थे। जाखड़ ने चरणजीत सिंह चन्नी और दलित समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था। सुनील जाखड़ के कथित बयान को लेकर दलित समाज के लोगों ने बुधवार को उनका पुतला फूंका और आपत्तिजनक बयान की निंदा करते हुए पार्टी हाई कमान से उन्हें तत्काल निकालने की मांग की।

बता दें कि, हार के बाद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सभी पांचों राज्यों के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों से इस्तीफा ले लिया था। जिसके बाद नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर कांग्रेस में अंतर्कलह खुलकर सामने आई है। पंजाब चुनाव में हुई करारी हार के बाद चन्नी की राहुल गांधी से यह पहली मुलाकात थी। इस बीच ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि चन्नी को पंजाब में कांग्रेस का नया प्रधान बनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *