Advertisement

पाक के पीएम इमरान खान का ढकोसला, उइगुर मुसलमानों के मसले पर चीन को दिया समर्थन

बीजिंग। भारत के मुसलमानों के बारे में आए दिन चिंता जताने वाले पाकिस्तानी पीएम इमरान खान को चीन में उइगुर मुसलमानों की दयनीय दशा नहीं दिखती। कभी इमरान ने उइगुर मुसलमानों पर हो रहे अत्याचार पर चीन के खिलाफ कुछ नहीं कहा। अब उन्होंने शिनजियांग प्रांत के इन मुस्लिमों के शोषण से भी मुंह फेरते हुए चीन की नीतियों को सही भी ठहरा दिया है। बता दें कि इमरान खान आजकल चीन के दौरे पर हैं। उन्होंने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से बातचीत के दौरान उइगुर मसले पर पाकिस्तान का समर्थन दिया। दरअसल, पाकिस्तान फिर चीन से कर्ज चाहता है। ऐसे में इमरान खान चीन में मुसलमानों के मसले पर कुछ बोल नहीं पा रहे हैं।

उइगुर मुसलमानों के मसले पर चीन के रुख का समर्थन करने के अलावा इमरान खान ने दक्षिण चीन सागर और ताइवान को चीन का हिस्सा बताने के मुद्दों को भी समर्थन दिया। जिनपिंग के साथ बैठक के बाद जारी साझा बयान में कहा गया कि शिनजियांग प्रांत, दक्षिण चीन सागर और हांगकांग के अलावा वन चाइना पॉलिसी का पाकिस्तान पूरी तरह समर्थन करता है। इन सभी मुद्दों पर पाकिस्तान तब चीन का साथ दे रहा है, जब अमेरिका और पश्चिमी देश इन सभी मामलों में चीन का विरोध करता है। वहीं, चीन को पाकिस्तान का समर्थन मिलने के बाद जिनपिंग ने कहा कि वो अपने दोस्त के यहां सामाजिक और आर्थिक विकास में सहयोग देता रहेगा।

वन चाइना, उइगुर और दक्षिण चीन सागर के मामले में पश्चिमी देशों का कहना है कि दुनिया को मिलकर चीन का विरोध करना चाहिए। बीजिंग में हो रहे विंटर ओलंपिक खेलों के बहिष्कार की बात भी पिछले दिनों उठी थी। चीन में शी जिनपिंग के राष्ट्रपति बनने के बाद से शिनजियांग और तिब्बत में मानवाधिकार उल्लंघन की तमाम घटनाएं होती रही हैं। आजादी की मांग करने वाले तिब्बतियों को भी जेल में डाला जा रहा है। बीते दिनों भारत में निर्वासित तिब्बतियों ने इसके खिलाफ आवाज उठाते हुए दिल्ली में चीन के दूतावास के बाहर उसका झंडा भी जलाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *