नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के बड़नगर विधानसभा से कांग्रेसी विधायक मुरली मोरवाल के बेटे करण मोरवाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। करण पर युवती से दुष्कर्म करने का आरोप है और वह बीते पांच माह से फरार चल रहा था। इंदौर के पुलिस महानिरीक्षक हरि नारायण चारी मिश्रा ने आईएएनएस को बताया है कि करण मोरवाल को मंगलवार की सुबह मक्सी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। बीते दिनों राज्य के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी आरोपी को दो दिन के भीतर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण न करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी थी और कहा था कि पुलिस ऐसी कार्रवाई करेगी जो नजीर बन जाएगी।
ज्ञात हो कि इंदौर के राजेंद्र नगर में रहने वाली एक युवती ने करण मोरवाल पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए महिला थाने में मामला दर्ज कराया था। उसके बाद से ही करण फरार चल रहा था। पुलिस ने उस पर पहले पांच फिर 15 और फिर 25 हजार का इनाम घोषित कर दिया था। इतना ही नहीं करण की फरारी के पोस्टर भी बड़नगर में लगाए गए थे।
कंग्रेस के विधायक पुत्र के खिलाफ जिस युवती ने शिकायत दर्ज कराई थी उसका कहना था कि वह कांग्रेस की कार्यकर्ता थी और इसी दौरान वह करण के संपर्क में आई थी। युवती का आरोप है कि इसी दौरान करण ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती की मानें तो जब उसने विवाह के लिए कहा तो वह धमकाने लगा और विवाह करने से साफ इंकार कर दिया।

















Leave a Reply