नई दिल्ली। दिल्ली में फुट ओवरब्रिज के नीचे फंसे एयर इंडिया के विमान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। जिसमें साफ देखा जा रहा है कि एयर इंडिया का एक विमान फुट ओवर ब्रिज के नीचे फंस गया है, और आस-पास गाड़ियों की आवाजाही बरकरार है। कहा जा रहा है कि यह घटना दिल्ली-गुरुग्राम मार्ग पर आईजीआई एयरपोर्ट के पास की है जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
FOB में फंसा प्लेन
करीब 16 सेकंड के इस वीडियो में एयर इंडिया का विमान लोहे के एक फुटओवर ब्रिज के नीचे फंसा हुआ दिखाई दे रहा है। प्लेन का आधा हिस्सा तो फुटओवर ब्रिज को पार कर गया है लेकिन आधा हिस्सा उसके नीचे ही फंसा रह गया है। प्लेन के पास से दूसरी गाड़ियां निकलती हुई दिखाई दे रही हैं।
एयर इंडिया ने दी सफाई
पुल के नीचे फंसे प्लेन का वीडियो वायरल होने के बाद एयर इंडिया ने इस मामले में अपनी सफाई दी है। एयर इंडिया का कहना है कि दिल्ली में उसके प्लेन के साथ इस तरह की कोई दुर्घटना नहीं हुई है। कंपनी की माने तो यह एक खराब प्लेन था, जिसे उसका उसका नया मालिक एयर इंडिया से खरीदकर अपने ठिकाने पर ले जा रहा था।
ड्राइवर को नहीं था अंदाजा
मीडिया रिपोर्ट की माने तो एयर इंडिया ने वायरल वीडियो को लेकर दिए अपने बयान में कहा है कि यह प्लेन इस वक्त संचालन में नहीं है। वह खराब हो चुका प्लेन है, उसका नया मालिक प्लेन के विंग निकालकर ले जा रहा था। जिस ट्रक के जरिए उस प्लेन को खींचा जा रहा था, उसका ड्राइवर शायद FOB और प्लेन की ऊंचाई का अंदाजा नहीं लगा पाया जिसके वजह से यह प्लेन अटक गया।
















Leave a Reply