नई दिल्ली। बिहार निकाय चुनाव में NDA ने एक बार फिर जीत का परचम लहराया है। गुरुवार को आए नतीजों में 24 सीटों में से NDA ने 14 सीटों पर जीत हासिल की है। इसमें आठ सीटें भाजपा और उसके सहयोगी दल जदयू को चार सीटें और राजद को छह सीटें मिली है। सभी 24 सीटों में से बेगूसराय-खगडिय़ा की सीट सबसे चर्चा में रही है। इस सीट पर कांग्रेस के राजीव कुमार ने विजयी परचम लहराया है। उन्होंने निवर्तमान एमएलसी और भाजपा प्रत्याशी रजनीश कुमार को हराया है। बता दें कि इस सीट से कुल 10 प्रत्याशी मैदान में थे। लेकिन विजयी परचम कांग्रेस के राजीव कुमार ने लहराया। कांग्रेस को एक सीट पर मिली जीत से उसके कार्यकर्ता खुशी के मारे होश खो बैठे।
जीत की खुशी में समर्थक ने खोया आपा
दरअसल, खगड़िया से कांग्रेस प्रत्याशी की जीत से मानसी ब्लॉक के पूर्व प्रमुख बलबीर यादव उर्फ चांद यादव की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। चांद यादव जीत की खुशी में इतने चूर थे कि उन्होंने अपनी रिवॉल्वर निकाली और दनादन हर्ष फायरिंग करनी शुरू कर दी। इतना ही नहीं यादव ने हर्ष फायरिंग का वीडियो भी बनवाया। वीडियो में चांद यादव एक-एक कर तीन बार आसमान में गोलियां दागते हैं। इसी दौरान उनके पास किसी वकील का फोन आता है। उनकी बातचीत भी वीडियो में रिकॉर्ड हो जाती है। वीडियो में चांद यादव वकील से कहते सुनाई दे रहे हैं कि, ‘अभी गोली चला रहा हूं, कल कौन से केस की तारीख है, आपके खाते में पैसा डाल दूंगा।’
बता दें कि, चांद यादव खगड़िया के पूर्व बाहुबली विधायक रणवीर यादव के छोटे भाई हैं। उनकी भाभी पूनम देवी यादव भी जदयू के टिकट पर खगड़िया से तीन बार विधायक रही हैं। हर्ष फायरिंग के पूरे मामले को लेकर मानसी पुलिस का कहना है कि वह वीडियो देखने के बाद कार्रवाई पर विचार करेगी।

















Leave a Reply