Advertisement

ब्राह्मण वोटबैंक के चक्कर में विकास दुबे एनकाउंटर की जांच कराएगी बीएसपी

कन्नौज। यूपी में विधानसभा चुनाव आने वाले हैं। बीएसपी इन चुनावों से पहले फिर ब्राह्मण का राग अलाप रही है। 2007 में भी उसने ब्राह्मणों का राग अलापकर यूपी की सत्ता हासिल की थी। पिछली बार के मुकाबले इस बार कुछ अलग इस तरह है कि बीएसपी इस ब्राह्मण वोट बैंक को अपने पाले में खींचने के लिए कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे को मासूम बताने पर तुल गई है। पार्टी कह रही है कि अगर वो सत्ता में आई, तो बिकरू कांड और विकास दुबे के एनकाउंटर की जांच कराएगी। कन्नौज में बीएसपी के नेता सतीश चंद्र मिश्रा ने बिकरू कांड की जांच रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए इसे अविश्वसनीय बताया। उन्होंने बीजेपी पर धर्म के नाम पर झूठ बोलने और ब्राह्मण विरोधी होने का भी आरोप लगा दिया।

प्रबुद्ध वर्ग विचार गोष्ठी में सतीश मिश्रा ने आरोप लगाया कि बीजेपी के राज में ब्राह्मणों का उत्पीड़न हो रहा है। बिकरू कांड के बारे में उनका कहना था कि कई बेकसूर लोगों का फर्जी एनकाउंटर पुलिस ने कर दिया। नाबालिग बच्चे को हरियाणा से लाकर रास्ते में मारा गया। विकास के साथी अमर दुबे की पत्नी खुशी दुबे को जेल में रखे जाने का मुद्दा भी उन्होंने उठाया।

बिकरू कांड की जांच रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि बीएसपी की सरकार बनी, तो नए सिरे से जांच कराई जाएगी। उन्होंने बीजेपी को निशाने पर लेते हुए कहा कि ये सरकार सभी वादों से मुकर गई है। सतीश मिश्रा ने कहा कि बीएसपी की सरकार में अयोध्या से लेकर मथुरा तक विकास के काम हुए, लेकिन पार्टी ने धर्म को नहीं बेचा। अब बीजेपी अयोध्या का नाम लेकर बरगला रही है। सपा पर भी निशाना साधते हुए मिश्रा ने कहा कि 2004 में उन्नाव के छिबरामऊ में नीरज मिश्र की हत्या कर दी गई थी। उन्होंने कहा कि सपा का चरित्र सभी लोग जानते हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *