Advertisement

रूस-यूक्रेन तनाव में ब्रिटिश पीएम जॉनसन की बड़ी चेतावनी, कहा- दूसरे विश्व युद्ध से ज्यादा होगी तबाही

कीव। रूस और यूक्रेन की लगातार बढ़ती तनातनी से दुनिया एक बड़े जंग के मुहाने पर खड़ी हो गई है। ब्रिटेन के पीएम बोरिस जॉनसन ने चेतावनी दी है कि अगर रूस ने यूक्रेन पर हमला किया, तो दूसरे विश्व युद्ध के बाद सबसे ज्यादा तबाही होगी। उन्होंने कहा है कि पश्चिमी देश और अमेरिका मिलकर इस तबाही को रोकने के लिए एकजुट हैं। बोरिस जॉनसन ने कहा कि यूक्रेन को अपने देश की रक्षा करने का कानूनी और नैतिक अधिकार है। यूक्रेन के लोग एकजुट होकर किसी भी हमले का विरोध करेंगे। ऐसे में जो तबाही होगी, उससे किसी का फायदा नहीं होगा।

इस बीच, ब्रिटिश विदेश मंत्री लिज ट्रस ने भी अपने देश की संसद में कहा है कि यूक्रेन की सेना को हथियार और ट्रेनिंग की जरूरत है। वो ऐसे में यूरोप का दौरा कर यूक्रेन के लिए समर्थन जुटाएंगी। इस बची, रूस की सेना ने आयरलैंड के पास समुद्री युद्ध अभ्यास भी किया है। रूस ने अपने एक लाख से ज्यादा जवान यूक्रेन की सीमा पर तैनात किए हैं। साथ ही उसने तमाम हथियारों की तैनाती भी की है। अमेरिका और ब्रिटेन के भी यूक्रेन के पक्ष में आने से तीसरे विश्व युद्ध जैसा खतरा मंडराने लगा है।

उधर, रूस के किसी भी हमले से बचने के लिए यूक्रेन की सेना ने अमेरिका और ब्रिटेन से आधुनिक हथियार मंगाए हैं। इनमें टैंक रोधी मिसाइलें भी हैं। रूस की ओर से सैकड़ों टैंक भी यूक्रेन की सीमा पर तैनात हैं और माना जा रहा है कि अगर यूक्रेन पर हमला हुआ, तो इन्हीं टैंकों से पहले होगा। इसी वजह से टैंकों को रोकने के लिए यूक्रेन लगातार तैयारी कर रहा है। रूस ने यूक्रेन के पास अपने इसकंदर मिसाइलों को भी लगाया है। इन मिसाइलों की मारक दूरी करीब 700 किलोमीटर है और ये पूरे यूक्रेन को अपनी जद में ले सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *