नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा से आईसीसी वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में नंबर वन का ताज छिन गया है। न्यूजीलैंड के बल्लेबाज डेरिल मिचेल अब आईसीसी वनडे रैंकिंग में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज बन गए हैं। मिचेल यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करने वाले न्यूजीलैंड के दूसरे खिलाड़ी हैं। इससे पहले 1979 में न्यूजीलैंड के ग्लेन टर्नर इस मुकाम पर पहुंचे थे। डेरिल मिचेल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में शानदार शतक लगाया जिसका उन्हें फायदा मिला और वो आईसीसी की ताजा रैंकिंग में 782 रेटिंग प्वाइंट के साथ टॉप पर पहुंच गए। हालांकि रोहित शर्मा उनसे सिर्फ एक प्वाइंट नीचे 781 पर हैं।
अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान 764 रेटिंग प्वाइंट के साथ तीसरे जबकि भारतीय कप्तान शुभमन गिल 745 रेटिंग के साथ चौथे पायदान पर हैं। भारत के स्टार बैट्समैन विराट कोहली इस लिस्ट में पांचवीं पोजिशन पर हैं और उनके रेटिंग प्वाइंट्स 725 हैं। वैसे टॉप 10 खिलाड़ियों की बात करें तो एक और भारतीय बल्लेबाज का नाम इस लिस्ट में है। श्रेयस अय्यर 700 रेटिंग प्वाइंट्स के साथ 8वें नंबर पर हैं, उनको एक स्थान का फायदा हुआ है।
इसी तरह टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में इंग्लैंड के जो रूट टॉप पर कायम हैं। दूसरे नंबर भी इंग्लैंड के ही खिलाड़ी हैरी ब्रूक का कब्जा है। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा पहली बार टॉप 5 में जगह बनाने में कामयाब हुए हैं, वो दो स्थान ऊपर पहुंचकर पांचवें नंबर पर पहुंच गए हैं। टॉप 10 में भारत के सिर्फ यशस्वी जायसवाल का नाम है, वो दो पायदान नीचे खिसककर सातवें नंबर पर पहुंच गए हैं। टेस्ट गेंदबाजों की सूची में भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह शीर्ष पर कायम हैं। वहीं कुलदीप यादव दो स्थान ऊपर चढ़कर 13वें स्थान पर पहुंच गए हैं। यह उनके करियर की अभी तक की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग है।
















Leave a Reply