महाराष्ट्र

शरद पवार को एक और झटका, सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी ने इस चुनाव में हराया

शेयर करें:

पुणे। एनसीपी-एससीपी के मुखिया शरद पवार को एक और झटका लगा है। महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी ने पुणे की श्री सोमेश्वर सहकारी चीनी मिल के चुनाव में शरद पवार और एक बागी उम्मीदवार के समर्थन वाले पैनलों को पटकनी दे दी। अजित पवार वाले एनसीपी गुट को चीनी मिल चुनाव में सभी 21 सीटों पर जीत हासिल हुई। अजित पवार के निधन के बाद शरद पवार और सुनेत्रा के नेतृत्व वाली एनसीपी के गुटों के बीच ये पहला बड़ा मुकाबला था।

शरद पवार ने श्री सोमेश्वर सहकारी चीनी मिल के चुनाव से पहले इसके इलाके में आने वाले इलाकों में प्रचार भी किया था, लेकिन अपने पैनल को जीत नहीं दिला सके। ये चीनी मिल उस बारामती इलाके में है, जो शरद पवार के परिवार का गढ़ माना जाता है। अजित पवार समर्थित पैनल पहले इस चीनी मिल पर काबिज था। ताजा जीत के बाद सुनेत्रा पवार ने कहा कि ये अजित पवार के कई साल तक काम करने का नतीजा है। इलाके के किसानों ने अजित पवार की कोशिशों का सम्मान कर जीत दिलाई है। चुनाव में सुनेत्रा पवार की एनसीपी की ओर से श्री सोमेश्वर विकास पुरुष अजितदादा पवार पैनल, शरद पवार के समर्थन वाला सोमेश्वर शेतकरी विकास पैनल और बीजेपी समर्थित पुरुषोत्तम जगताप के लोकनेते अजितदादा सोमेश्वर विकास पैनल के बीच टक्कर थी।

चीनी मिल के चुनाव में 27625 सदस्यों को वोट डालने का अधिकार था। इनमें से 23393 ने वोट डाला था। सुनेत्रा पवार के पैनल के प्रत्यशियों को 12000 से ज्यादा वोट मिले। जबकि, शरद पवार के समर्थन वाले पैनल को करीब 2500 और जगताप समर्थित पैनल को 5500 से 6000 तक वोट हासिल हुए। जगताप 13 साल तक सोमेश्वर सहकारी चीनी मिल के अध्यक्ष पद पर थे। उन्होंने सुनेत्रा पवार की एनसीपी से बगावत कर अपने पैनल को चुनाव में उतारा था। अजित पवार ने 2 जुलाई 2023 को एनसीपी में विभाजन कराया था। चुनाव आयोग ने सबूतों के आधार पर अजित पवार के गुट को असली एनसीपी मानते हुए पार्टी का नाम और घड़ी चुनाव चिन्ह दिया था। इसके खिलाफ शरद पवार सुप्रीम कोर्ट गए थे। जहां केस लंबित है।

Ad Zone: in_content

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें