नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश कैडर की पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने नौकरी से इस्तीफा देने के बाद अब राजनीतिक पारी शुरू करने का ऐलान कर दिया है। दिव्या मित्तल ने ‘जन नीति भारत’ नाम से अपनी राजनीतिक पार्टी बनाई है और आगामी विधानसभा इलेक्शन में मिर्जापुर सदर सीट से चुनाव लड़ने की घोषणा की है। दिव्या मित्तल ने अपना एक वीडियो मैसेज जारी करते हुए कहा कि मैं अपनी पार्टी इसलिए बना रही हूं क्योंकि सुनवाई कुछ की होती है, सबकी नहीं। ‘राजनीति’ आप पर राज करती है और ‘जन नीति’ में राज आपका होगा।
दिव्या मित्तल ने भविष्य की रणनीति बताते हुए कहा कि ‘जन नीति भारत’ 2027 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ेगी ताकि सरकार लोगों के हिसाब से चल सकेगी, पांच साल में सिर्फ एक दिन नहीं बल्कि हर कदम पर और इसके लिए ‘जन नीति भारत’ के तीन वचन हैं।
‘जन नीति भारत’ के तीन वचन-
पहला वचन- जन से नीति, नीति से भारत। देश की नीतियों के केंद्र में लोग होंगे और उन नीतियों को तय भी लोग ही करेंगे। नीति वहीं जहां न्याय हो और न्याय वहां जहां सुनवाई सबकी हो। जनता को क्या चाहिए यह जनता से पूछो और वो कैसे मिलेगा यह विशेषज्ञ से पूछो।
दूसरा वचन- जरूरत से फैसला और फैसले में बराबरी। हर फैसला जरूरत देखकर होगा, पहचान देखकर नहीं। हैंडपंप हो, सड़क हो या खड़ंजा, जहां जरूरत सबसे बड़ी काम वहीं से शुरू होगा। न जाति, न धर्म और न हैसियत सब मिलकर निर्णय करेंगे। बेटियों की सुरक्षा खबर बनने के बाद चर्चा में नहीं आएगी बल्कि पहले से ही उसके पुख्ता इंतजाम होंगे।
तीसरा वचन- जनता को हिसाब और हिसाब से सुधार। हर काम का हिसाब जनता लेगी। गांव या क्षेत्र में कोई भी सरकारी काम हो रहा हो तो उसकी पूरी जानकारी फोन पर नक्शे में दिखने चाहिए। जनता को पता होना चाहिए क्या काम हो रहा है, कब तक पूरा होगा और इसकी लागत कितनी है।
पूर्व आईएएस ने कहा, आज विधायक जनता और सरकार के बीच बैठता है लेकिन सरकार की ओर मुंह करके जबकि ‘जन नीति भारत’ का विधायक भी सरकार के बीच ही बैठेगा लेकिन जनता की ओर मुंह करके।
