मुंबई। एक्टर आमिर खान के भानजे इमरान खान को 28 अक्टूबर तक भारत छोड़ने का आदेश दिया गया है। इमरान खान भी एक्टर है। इमरान खान ने विदेशी नागरिक होने के बावजूद 10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में उस विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया था, जो मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हो रहा था। इस मामले में इमरान खान को मुंबई पुलिस ने हिरासत में भी लिया था।
विदेशी नागरिक होने की वजह से इमरान खान भारत में किसी भी तरह के विरोध प्रदर्शन में हिस्सा नहीं ले सकते। इस नियम को तोड़ने की वजह से आमिर खान के भानजे पर इमिग्रेशन एक्ट की धाराओं के तहत देश छोड़ने का आदेश देने की कार्रवाई की गई है। इमरान खान ने देश छोड़ने के आदेश का नोटिस रिसीव किया है, लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। बता दें कि दिल्ली में भी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन हो चुका है। एक निजी संगठन के अलावा कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने विपक्ष के अपने साथियों के साथ भी दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग करते हुए कई दिन विरोध प्रदर्शन किया था।
आमिर खान के भानजे इमरान ने मुंबई में जिस विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया था, उसमें शामिल लोगों में से 400 से ज्यादा के खिलाफ मुंबई पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। अब इमरान खान को भारत छोड़कर अमेरिका लौटना पड़ेगा। इमरान खान का जन्म अमेरिका के विस्कॉन्सिन राज्य में हुआ था। आमिर खान के भानजे ने अब तक बॉलीवुड में एक दर्जन से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। इमरान खान ने विदेशी होने के बावजूद वीजा संबंधी जो नियम तोड़ा, उसकी वजह से फिर भारत का वीजा लेने की राह में रोड़ा अटकने की प्रबल संभावना है। गृह मंत्रालय को इमरान के भारत प्रवेश पर रोक लगाने का अधिकार है।
