यूपी

मुंबई के धन्नासेठ को बेच दिया राज्यसभा का टिकट, कहां गया पीडीए?, अखिलेश यादव से योगी आदित्यनाथ ने किया सवाल

शेयर करें:

नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के द्वारा उद्योगपति धनराज परिमल नाथवानी को राज्यसभा का टिकट देकर उच्च सदन भेजे जाने पर यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने पीडीए का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। योगी बोले, मैं समाजवादियों से पूछना चाहता हूं कि ये जो पीडीए-पीडीए चिल्लाते थे, राज्यसभा चुनाव के टिकट में पीडीए कहां चला गया? हम तो पहले दिन से कह रहे कि सपा के PDA का मतलब ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ और बहुत होगा तो ‘पराया धन अपना’, और आपने दोनों चीजें यहां देखी होंगी। उन्होंने मुंबई के धन्ना सेठ को राज्यसभा का टिकट बेच दिया। हो गया न ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ और ‘पराया धन अपना’, दोनों साबित हो गए और यही सपा की सच्चाई है।

यूपी सीएम ने कहा कि अखिलेश यादव ने राज्यसभा चुनाव में दो प्रत्याशी बनाए, एक अपने चचा जान रामगोपाल यादव को बनाया। अरे काशी के ही किसी यादव को बना देते, गाजीपुर या बलिया के किसी को बना देते, लेकिन नहीं बनाया। दूसरी सीट पर किसी दलित को भेज देते, अरे अपने खानदानी वोट मुसलमानों को ही टिकट दे देते, वो भी नहीं किया। योगी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के समय युवाओं के साथ क्या दुर्गति होती थी, जब सरकार में ही प्रगति नहीं थी तो दुर्गति होनी ही होनी थी। इसका सबसे बड़ा उदाहरण यह है कि सपा सरकार में सैफई सिंडिकेट ने भर्ती आयोग और बोर्ड में अपने ही खानदान के लोगों को बैठा दिया था।

योगी ने आगे कहा, उनके ही खानदान के लोगों के माध्यम से भर्ती निकलती थी, चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकलती थी और सैफई सिंडिकेट के बाहर किसी भी युवा को नौकरी नहीं मिलती थी। मुख्यमंत्री बोले, हमारी सरकार शिक्षा का सम्मान करती है और मैं शिक्षा का महत्व जानता हूं। हमने 65 लाख युवाओं को निजी क्षेत्र में नौकरी दी है। 3 करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार-स्वरोजगार के साथ जोड़ा है। वर्ष 2017 के पहले यूपी में केवल 120 स्टार्टअप थे। आज यूपी में 24,000 से अधिक स्टार्टअप काम कर रहे हैं।

Ad Zone: in_content

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें