Advertisement

PM मोदी ने लॉन्च की RBI की 2 स्कीम, जानें निवेशकों और आम लोगों को कैसे मिलेगा फायदा

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) की दो इनोवेटिव उपभोक्ता केंद्रित पहलों-भारतीय रिज़र्व बैंक की खुदरा प्रत्यक्ष योजना और रिज़र्व बैंक-एकीकृत लोकपाल योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि, ”आज जिन दो योजनाओं को लॉन्च किया गया है उनसे देश में निवेश के दायरे का विस्तार होगा और निवेशकों के लिए कैपिटल मार्केट तक पहुंच बनाना अधिक आसान और सुरक्षित बनेगा।” पीएम मोदी ने कहा कि, ”अर्थव्यवस्था में सबकी भागीदारी को प्रोत्साहित करने की जो भावना है उसे खुदरा प्रत्यक्ष योजना नई ऊंचाई देने वाली है। अब देश के एक बहुत बड़े वर्ग को गवर्नमेंट​ सिक्योरिटीज में, देश की संपदा के निर्माण में सीधा निवेश करने में और आसानी होगी।”

पीएम मोदी ने कहा, ”एक मजबूत बैंकिंग सिस्टम मजबूत होती अर्थव्यवस्था के लिए बहुत जरूरी है। 2014 के पहले कुछ सालों में देश के बैंकिंग सिस्टम को नुकसान पहुंचाया गया था, आज सबको पता है​ कि कैसी​ स्थिति​यां पैदा हो गई थीं।”

उन्होंने कहा कि, UPI ने बहुत ही कम समय में डिजिटल ट्रांजेक्शन के मामले में भारत को दुनिया का अग्रणी देश बना दिया है। सिर्फ 7 सालों में भारत ने डिजिटल ट्रांजेक्शन के मामले में 19 गुना की छलांग लगाई है।

भारतीय रिजर्व बैंक – एकीकृत लोकपाल योजना का उद्देश्य है कि शिकायतों को दूर करने वाली प्रणाली में और सुधार लाया जाए, ताकि संस्थाओं के खिलाफ ग्राहकों की शिकायतों को दूर करने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक नियम बना सके। इस योजना की केंद्रीय विषयवस्तु ‘एक राष्ट्र-एक लोकपाल’ की अवधारणा पर आधारित है।

इसके तहत एक पोर्टल, एक ई-मेल और एक पता होगा, जहां ग्राहक अपनी शिकायतें दायर कर सकते हैं। ग्राहक एक ही स्थान पर अपनी शिकायतें दे सकते हैं, दस्तावेज जमा कर सकते हैं, अपनी शिकायतों-दस्तावेजों की स्थिति जान सकते हैं और फीडबैक दे सकते हैं। इस संबंध में बहुभाषी टोल-फ्री नंबर भी दिया जाएगा, जो शिकायतों का समाधान करने तथा शिकायतें दायर करने के बारे में सभी जरूरी जानकारी प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *