Advertisement

कांग्रेस के पलटवार के बाद उद्धव खेमे के संजय राउत बैकफुट पर

मुंबई। उद्धव ठाकरे की शिवसेना-यूबीटी और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग खत्म होती नहीं दिख रही है। ये जुबानी जंग उद्धव के करीबी राज्यसभा सांसद संजय राउत के बयान से शुरू हुई थी। जिस पर कांग्रेस के नेता मिलिंद देवड़ा ने पलटवार किया था। अब संजय राउत ने मिलिंद देवड़ा की तरफ से पलटवार किए जाने पर जवाब दिया है। संजय राउत ने कहा है कि उन्होंने ये कहा था कि कांग्रेस को शून्य से शुरुआत करनी होगी। राउत के मुताबिक उन्होंने ये नहीं कहा था कि कांग्रेस शून्य है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास महाराष्ट्र से एक भी सांसद नहीं है। जबकि, उद्धव के खेमे के 18 सांसद थे और अब 6 बचे हैं।

दरअसल, संजय राउत ने बयान दिया था और लोकसभा सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस को नसीहत दी थी। इसी पर मिलिंद देवड़ा ने पलटवार किया था। मिलिंद देवड़ा ने कहा था कि कांग्रेस को शून्य नहीं समझा जाना चाहिए। इसके अलावा भी मिलिंद देवड़ा ने संजय राउत पर जमकर निशाना साधा था।

दरअसल, विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन ने अब तक लोकसभा चुनाव के लिए सीटों का बंटवारा नहीं किया है। अपने-अपने राज्यों में क्षेत्रीय दल कांग्रेस को ज्यादा सीटें देने के मूड में नहीं दिख रहे हैं। बंगाल में ममता बनर्जी ने तो ये तक एलान कर दिया है कि वो अपने राज्य में किसी भी दल से गठबंधन नहीं करेंगी। वहीं, बिहार और यूपी में भी कांग्रेस के लिए क्षेत्रीय दल ज्यादा सीटें छोड़ने के मूड में नहीं हैं। जबकि, महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे का गुट भी कांग्रेस को ज्यादा सीटें नहीं देने की तैयारी में लगा दिख रहा है। ऐसे में इंडिया गठबंधन के दलों के बीच जुबानी जंग हो रही है। बीते दिनों मध्यप्रदेश के मसले पर कांग्रेस और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच भी जुबानी जंग हुई थी।