स्वाति मालीवाल से मारपीट के आरोपी विभव कुमार के पिता ने किया बड़ा दावा, बोले- मेरे बेटे ने ठुकरा दिया था दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल का ये ऑफर
कोचस (रोहतास)। आजकल दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के पीएम विभव कुमार चर्चा में हैं। आम आदमी पार्टी की सांसद स्वाति मालीवाल ने विभव कुमार पर मारपीट का आरोप लगाया है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने विभव कुमार को गिरफ्तार किया है और कोर्ट ने उनको 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। अब विभव कुमार के पिता महेश्वर राय ने एक बड़ा दावा किया है। इससे पहले महेश्वर राय ने बेटे विभव कुमार को बेकसूर बताया था।
स्वाति मालीवाल से मारपीट के आरोपी विभव कुमार के पिता महेश्वर राय ने हिंदी अखबार दैनिक जागरण से बातचीत में दावा किया कि बेटे ने अपनी निष्ठा और ईमानदारी के दम पर मुकाम हासिल किया। महेश्वर राय को लोग बड़े लाल राय के नाम से भी जानते हैं। विभव कुमार के पिता ने अहम दावा ये किया कि अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी ने विभव कुमार को राज्यसभा भेजने की तैयारी की, लेकिन उन्होंने इसके लिए मना कर दिया। विभव कुमार के पिता महेश्वर राय ने पहले कहा था कि उनका बेटा बेकसूर है। महेश्वर राय ने कहा था कि स्वाति मालीवाल दुर्भावना के तहत सीएम अरविंद केजरीवाल के आवास गई थीं। उन्होंने बीजेपी पर भी आरोप लगाए थे। महेश्वर राय का कहना है कि स्वाति मालीवाल मामले में विभव कुमार उसी तरह बेदाग निकलेंगे, जैसे शराब घोटाला की जांच में निकले।
दरअसल, स्वाति मालीवाल ने विभव कुमार पर आरोप लगाया है कि उन्होंने अरविंद केजरीवाल के आवास में 13 मई को जमकर पिटाई की। स्वाति मालीवाल की जो मेडिकल जांच पुलिस ने कराई, उसमें भी आंख के नीचे और पैर वगैरा में चोट मिली है। पुलिस ने विभव कुमार का फोन जब्त किया है। फोन को फॉर्मेट करने की जानकारी मिली है। इसके अलावा पुलिस का आरोप है कि विभव कुमार फोन का पासवर्ड भी नहीं दे रहे। दिल्ली पुलिस ने अरविंद केजरीवाल के आवास से सीसीटीवी का डीवीआर भी जब्त किया है। पुलिस को शक है कि सीसीटीवी के फुटेज से छेड़छाड़ हुई है।
