July 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

दुनिया के बाद अब देसी दिग्गजों पर टीम योगी की नजर

लखनऊ। यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2023 की तैयारियों में जुटी टीम योगी विदेशी दौरों पर निवेशकों से मिले जोरदार रिस्पॉन्स के बाद आत्मविश्वास से भरी हुई है। अब टीम योगी देसी निवेशकों को साधने में प्रण-प्राण से लग गयी है। प्रदेश में 10 लाख करोड़ के निवेश के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए योगी सरकार कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती। इसी परिप्रेक्ष्य में आगामी जनवरी महीने में देश के सात शहरों में टीम योगी का दौरा होना है। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित सरकार के मंत्रीगण और अधिकारी 40 से ज्यादा कंपनियों से संपर्क साधेंगे और उन्हें उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित करेंगे। सरकार को देसी कंपनियों से बड़ी उम्मीदें हैं।

फिक्की और सीआईआई संभालेंगे अहम जिम्मेदारी

योगी सरकार देश के सात महानगरों में देसी दिग्गज कंपनियों के साथ हाई लेवल बैठकें करने जा रही है। मुम्बई, दिल्ली, कोलकाता, हैदराबाद, अहमदाबाद, चेन्नई और बेंगलुरू में टीम योगी रोड शो के जरिए तकरीबन 42 कंपनियों का ना सिर्फ मन टटोलेगी बल्कि यूपी में निवेश के लिए आमंत्रित भी करेगी। सातों शहरों में आयोजित होने वाले इन रोड शो में फेडरेशन ऑफ इंडियन चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) और कॉन्फडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्रीज़ (सीआईआई) की भी अहम जिम्मेदारी होगी।

महानगरों को मथेगी टीम योगी

इसके अलावा प्रत्येक महानगर में आयोजित होने वाले रोड शो का नेतृत्व कैबिनेट स्तर के दो-दो मंत्री करेंगे। इनमें मुख्यमंत्री, दोनों उप मुख्यमंत्री, वित्तमंत्री, आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री, औद्योगिक विकास मंत्री सहित कई मंत्री देसी निवेशकों के साथ वार्ता करेंगे। इसके अलावा मुख्य सचिव, छह अपर मुख्य सचिव और 10 प्रमुख सचिव भी देश की दिग्गज कंपनियों से निवेश के लिए वार्ता की मेज पर होंगे। खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुम्बई में टीम का नेतृत्व करेंगे, तो वहीं डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक हैदराबाद और केशव प्रसाद मौर्य कोलकाता में कमान संभालेंगे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed