April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

जाकिर नाइक का भारत प्रत्यर्पण करेगा मलेशिया?, पीएम अनवर इब्राहिम ने पहले मांगे सबूत

नई दिल्ली। इस्लाम का प्रचार करने वाले और विवादों में घिरे जाकिर नाइक का मलेशिया प्रत्यर्पण कर सकता है। मलेशिया के पीएम अनवर इब्राहिम ने जाकिर नाइक के भारत प्रत्यर्पण पर कहा है कि उनकी सरकार इस अनुरोध पर विचार कर सकती है। मलेशिया के पीएम ने कहा कि इसके लिए जाकिर नाइक के खिलाफ पुख्ता सबूत देने होंगे। अनवर इब्राहिम ने मीडिया के सवाल पर ये बात कही है, लेकिन साथ ही ये भी कहा कि मंगलवार को जब भारतीय पक्ष से बातचीत हुई, तो जाकिर नाइक के प्रत्यर्पण का मामला नहीं उठा।

अनवर इब्राहिम ने मीडिया से कहा कि मलेशिया की सरकार जाकिर नाइक के मामले में जो भी सबूत सौंपे जाएंगे, उनका स्वागत करेगी। उन्होंने ये भी कहा कि आतंकवाद से लड़ने के लिए हम भारत के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। अनवर इब्राहिम का जाकिर नाइक के प्रत्यर्पण पर दिया बयान इसलिए अहम है, क्योंकि मलेशिया अब तक इस पर कुछ भी नहीं कहता रहा है। मलेशिया में जब महाथिर मोहम्मद पीएम थे, उस वक्त वहां की सरकार ने जाकिर नाइक को स्थायी तौर पर रहने की मंजूरी दी थी। जाकिर नाइक भारत में वांटेड है। वो साल 2016 में भागकर मलेशिया चला गया था। ईडी ने आरोप लगाया है कि जाकिर नाइक ने टेरर फंडिंग की और विदेशी एजेंसियों से भी धन हासिल किया। ईडी ने जाकिर नाइक की करीब 200 करोड़ की संपत्ति की पहचान की थी। इसमें से 50 करोड़ की संपत्ति जब्त भी की गई थी।

जाकिर नाइक पर मनी लॉन्ड्रिंग और अपने नफरत भरे भाषण से धार्मिक कट्टरता फैलाने का भी आरोप है। भारत में रहते वक्त जाकिर नाइक पीस टीवी नाम का चैनल भी चलाता था। इस टीवी चैनल पर और यूट्यूब पर उसके भाषण प्रसारित होते थे। जाकिर नाइक पर अपने कार्यक्रमों में धर्मांतरण कराने का भी आरोप लग चुका है। भारत में जांच शुरू होते ही जाकिर नाइक फरार हो गया था और मलेशिया में जाकर उसने ठिकाना बनाया। तबसे जाकिर नाइक मलेशिया में ही रह रहा है।