February 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

आज से बदल रही बिजली उपकरणों की स्टार रेटिंग, फ्रिज और एसी समेत कई उपकरणों की खरीद पर आपकी जेब पर पड़ेगा भार

नई दिल्ली। ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी (बीईई) के नए नियम आज से लागू हो रहे हैं। इसकी वजह से अगर आप नया फ्रिज या एसी समेत बिजली के उपकरण खरीदने जा रहे हैं, तो ज्यादा रकम खर्च करनी पड़ सकती है। बीईई के नए नियम के तहत अब बिजली से चलने वाले उपकरणों की स्टार रेटिंग को बदला गया है। साल 2025 में जो बिजली के उपकरण 5 स्टार रेटिंग के साथ आते थे, उनको 2026 में 4 स्टार रेटिंग वाला माना जाएगा। इसकी वजह से नया फ्रिज और एसी समेत बिजली उपकरण बनाने वाली कंपनियां इनके रेट बढ़ा सकती हैं।

सितंबर 2025 में जीएसटी में कमी के बाद एसी की कीमत में 10 फीसदी तक की कमी कंपनियों ने की थी। इसकी वजह से लोगों को सस्ती कीमत पर एसी खरीदने का मौका मिला था। वहीं, फ्रिज और टीवी की कीमत में भी गिरावट आई थी। अब नए सिर से बीईई रेटिंग किए जाने से कंपनियों को बिजली उपकरण बनाने में कई बदलाव करने पड़ेंगे। नतीजे में इनकी कीमतों में 5 से 10 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। एसी और फ्रिज समेत बिजली उपकरणों में कई पार्ट्स अब भी विदेश से आयात कर लगाए जाते हैं। डॉलर के मुकाबले रुपए की घटती कीमत से इनके रेट भी बढ़ सकते हैं और इसका खामियाजा ज्यादा रुकम देकर आपको चुकाना पड़ सकता है।

इसके अलावा हाल के दिनों में तांबा की कीमत भी बढ़ी है। एसी और फ्रिज समेत कई बिजली उपकरणों में तांबे की ट्यूब का इस्तेमाल किया जाता है। इस वजह से भी ऐसे बिजली उपकरणों के दाम में इजाफा होने के आसार हैं। हालांकि, नए सिरे से स्टार रेटिंग के कारण इन उपकरणों को लगाने पर आपका बिजली का बिल और कम होने की भी संभावना है। ऐसे में लंबे दौर तक अगर आप नया खरीदा एसी और फ्रिज इस्तेमाल करते हैं, तो बढ़ी हुई कीमत देने के बावजूद आपकी बिजली बिल की बचत भी ज्यादा होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *