June 28, 2026

Hind foucs news

hindi new update

India-Pakistan Hockey: एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारत ने पाक को 4-0 से हराया तो स्टेडियम में हर तरफ गूंजा वंदे मातरम

चेन्नई। चेन्नई में आजकल एशियन चैंपियंस ट्रॉफी चल रही है। प्रतियोगिता में बुधवार को भारत और पाकिस्तान का मैच था। इस वजह से स्टेडियम खचाखच भरा था। तिल धरने की जगह स्टेडियम में नहीं रह गई थी। रेफरी की सीटी के साथ ही खेल शुरू हुआ और पाकिस्तान के गोलपोस्ट पर भारतीय टीम ने हमले पर हमले करने शुरू किए। इन हमलों का नतीजा भी सामने आया, जब पाकिस्तान का गोलकीपर मात खाने लगा और गोल पर गोल होने लगे। हर एक गोल पर स्टेडियम में मौजूद भारतीय फैंस उछल पड़ते। शोर मच जाता। भारतीय हॉकी के इन फैंस का उत्साह तब आसामान छूने लगा, जब भारत ने एकतरफा मुकाबले में पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान को धो दिया।

भारतीय टीम का हॉकी में पाकिस्तान के खिलाफ इतना शानदार प्रदर्शन दिखा कि स्टेडियम में फैंस की खुशियां जैसे आसमान की सीमा पार कर गईं। और जब स्टेडियम के स्पीकर्स पर ‘वंदे मातरम’ गीत गूंजा, तो भारतीय हॉकी का हर एक फैन खड़ा हो गया। नजारा ये था कि स्टेडियम की दर्शक गैलरी में हर एक व्यक्ति के हाथ में मोबाइल फोन का एलईडी जल उठा। हजारों दर्शकों की आवाज वंदे मातरम का उद्घोष करने लगी। हर तरफ बस यही नजारा दिख रहा था। कोई दर्शक दीर्घा ऐसी नहीं रही, जहां वंदे मातरम गीत के साथ आवाज मिलाने वाला कोई न हो।

अब मैच की बात भी कर लेते हैं। भारत ने कप्तान हरमनप्रीत के 2 पेनाल्टी कॉर्नर गोल की मदद से पाकिस्तान को एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में 4-0 से पटकनी दी। मैच शुरू होने के कुछ देर बाद ही भारत ने पाकिस्तान पर पहला गोल दाग दिया था। इसके बाद पहले हाफ में पाकिस्तान 2-0 से पीछे हो गया। इसके बाद पड़ोसी देश के खिलाड़ियों पर भारतीय हॉकी टीम ने ऐसा दबाव बनाया कि वे हतोत्साहित हो गए। मैच खत्म होने तक पाकिस्तान की टीम लाख कोशिश के बाद भी भारतीय हॉकी टीम को छका नहीं सकी और गोल करने में नाकाम रही। भारतीय हॉकी टीम इसी के साथ प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में पहुंच गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *