खेल

जय शाह लगातार दूसरी बार ICC चेयरमैन नियुक्त हुए, दुनिया भर में क्रिकेट को आगे बढ़ाने की जताई प्रतिबद्धता

शेयर करें:

नई दिल्ली। जय शाह एक बार फिर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के चेयरमैन चुने गए हैं। यह उनका लगातार दूसरा कार्यकाल होगा। बाली में हुई ICC बोर्ड और कमिटी मीटिंग्स में डायरेक्टर्स के प्रस्ताव के बाद, जय शाह को दूसरे कार्यकाल के लिए निर्विरोध नियुक्त किया गया है। बतौर चेयरमैन दूसरी बार नियुक्त होने पर जय शाह ने कहा, ICC बोर्ड ने मुझ पर जो भरोसा जताया है, उससे मैं बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं। मैं सभी डायरेक्टर्स का उनके निरंतर विश्वास और समर्थन के लिए तहे दिल से आभारी हूं। ICC चेयरमैन के रूप में काम करना सम्मान और जिम्मेदारी दोनों है। मैं दुनिया भर में क्रिकेट को आगे बढ़ाने के लिए अपने सदस्यों के साथ मिलकर काम करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हूं।

जय शाह ने कहा कि हम अपने खेल के इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण और रोमांचक दौर में प्रवेश कर रहे हैं। लॉस एंजिल्स 2028 के ओलंपिक खेलों में क्रिकेट की वापसी हमारे खेल को नए दर्शकों तक पहुंचाने और खिलाड़ियों तथा प्रशंसकों की नई पीढ़ी को प्रेरित करने का एक शानदार अवसर है। हमारी जिम्मेदारी सिर्फ सफल इवेंट्स आयोजित करने तक ही सीमित नहीं है। हमें प्रशंसकों, खिलाड़ियों, कमर्शियल पार्टनर्स और अन्य प्रमुख हितधारकों पर ध्यान केंद्रित करते हुए, इस खेल के लिए एक मजबूत और टिकाऊ भविष्य का निर्माण करना होगा।

जय शाह बोले, मेरा हमेशा से मानना ​​रहा है कि क्रिकेट की सबसे बड़ी ताकत लोगों को एक साथ लाने की इसकी क्षमता है। बोर्ड और अपने सदस्यों के समर्थन से, हमारा पूरा ध्यान अपने लक्ष्यों को हकीकत में बदलने पर होगा। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि हमारी प्रगति आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्थायी विरासत छोड़कर जाए। जय शाह पहली बार साल 2024 में आईसीसी चेयरमैन चुने गए थे। उस वक्त भी वो निर्विरोध निर्वाचित हुए थे। जय शाह से पहले ग्रेग बार्कले आईसीसी चेयरमैन की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

Ad Zone: in_content

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें