इंटरनेशनल

ईरान पर फिर हमले की तैयारी में अमेरिका!, मध्य-पूर्व में तैनात किया तीसरा विमानवाहक पोत

शेयर करें:

वॉशिंगटन। क्या अमेरिका फिर ईरान पर हमला करने वाला है! इसकी अटकलें इस वजह से तेज हुई हैं क्योंकि अमेरिकी सेना ने खाड़ी क्षेत्र में तीसरा विमानवाहक पोत तैनात किया है। अमेरिकी सैन्य अखबार स्टार्स एंड स्ट्राइप्स ने एक अमेरिकी अफसर के हवाले से खबर दी है कि यूएसएस थियोडोर रूजवेल्ट विमानवाहक पोत रविवार को खाड़ी क्षेत्र में पहुंच गया। रिपोर्ट में बताया गया है कि पश्चिम एशिया में अभी 20000 अमेरिकी नाविक और मरीन के जवान मौजूद हैं। जिनके साथ सैकड़ों लड़ाकू और अन्य विमान भी तैनात हैं।

रिपोर्ट में बताया गया है कि यूएसएस थियोडोर रूजवेल्ट 8 नवंबर को सिंगापुर से चला था। ये मलक्का जलडमरूमध्य होते हुए हिंद महासागर के रास्ते मध्य-पूर्व तक पहुंचा। इस विमानवाहक पोत के साथ कैरियर एयरविंग 11, यूएसएस चोसिन क्रूजर और यूएसएस पॉल हैमिल्टन और यूएसएस डेकाटुर नाम के दो डिस्ट्रॉयर हैं। इन सभी जहाजों में 5000 से ज्यादा जवान तैनात हैं। अमेरिका ने इससे पहले इस साल अप्रैल में खाड़ी के इलाके में तीन विमानवाहक पोत तैनात किए थे। साल 2003 के बाद पहली बार अमेरिका ने मध्य-पूर्व में इतनी संख्या में विमानवाहक पोत की तैनाती की थी।

ईरान और अमेरिका के बीच तनाव काफी बढ़ा हुआ है। ईरान ने रविवार को बहरीन में अमेरिका के रडार को नष्ट करने का दावा किया था। वहीं, अमेरिका ने ईरान के दावे का खंडन करते हुए कहा था कि उसने बहरीन की ओर उड़ान भर रहे दो हमलावर ड्रोन को मार गिराया। अमेरिका लगातार कह रहा है कि ईरान को किसी सूरत में परमाणु हथियार नहीं बनाने दिया जाएगा। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि ईरान को अपना 400 किलोग्राम संवर्धित यूरेनियम सौंपना होगा। वहीं, ईरान ने साफ कहा है कि वो संवर्धित यूरेनियम किसी भी देश को नहीं देगा। ईरान ने ये भी कहा है कि वो फिर जंग लड़ने के लिए तैयार है। ईरान चाहता है कि अमेरिका उस पर लगे प्रतिबंध हटाए, साथ ही यूरेनियम का इस्तेमाल शांतिपूर्ण कार्यों के लिए करने दे।

Ad Zone: in_content

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें