नई दिल्ली। शेख हसीना दिसंबर में बांग्लादेश वापसी की तैयारी कर रही हैं। वहीं उनकी सुरक्षित वापसी को लेकर भारत ने बांग्लादेश के सामने दो शर्तें रखी हैं। बीबीसी बांग्ला की रिपोर्ट के अनुसार, भारत की पहली शर्त यह है कि शेख हसीना के वतन लौटने की जिम्मेदारी बांग्लादेश की सेना संभाले। दूसरी शर्त है कि बांग्लादेश वापसी के बाद शेख हसीना के खिलाफ नए सिरे से निष्पक्ष सुनवाई की जाए और उनको अपना पक्ष रखने का मौका मिले। अगर बांग्लादेश इन शर्तों को मान लेता है तो शेख हसीना की जल्द वापसी की संभावना है।
हालांकि बीबीसी बांग्ला की इस रिपोर्ट को लेकर भारत या बांग्लादेश की तरफ से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अभी कुछ समय पहले ही शेख हसीना ने अपने वकीलों के माध्यम से नई स्थित बांग्लादेश दूतावास में नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र जारी करने का आवेदन दिया था। हालांकि बांग्लादेश के विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने शेख हसीना को भगोड़ा आंतकवादी करार दिया था। कबीर ने कहा था कि ऐसे लोगों को वापस लाने के लिए बांग्लादेशी नागरिकता या पासपोर्ट की जरूरत नहीं है। बांग्लादेश लगातार शेख हसीना के प्रत्यर्पण की भारत से मांग कर रहा है।
अभी हाल ही में ब्रिटेन के छह सांसदों ने शेख हसीना के पक्ष में आवाज उठाई। ब्रिटिश सांसदों ने अपने देश के विदेश मंत्री एड मिलिबैंड से अनुरोध किया कि वो बांग्लादेश सरकार से बात करें कि शेख हसीना के लौटने पर उनको फांसी न दी जाए। ब्रिटिश सांसदों ने भी शेख हसीना के खिलाफ आरोपों की स्वतंत्र जांच और निष्पक्ष सुनवाई किए जाने की मांग की है। हिंसा भड़काने तथा प्रदर्शनकारियों की हत्या का आदेश देने के आरोप में नवंबर 2025 में बांग्लादेश के इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल्स ने शेख हसीना को मौत की सजा सुनाई थी। इसके बावजूद शेख हसीना वतन वापसी का ऐलान कर चुकी हैं।
