April 23, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अफगानिस्तान और पाकिस्तान में फिर सैन्य संघर्ष के आसार, तालिबान ने बच्चों की हत्या का बदला लेने की दी चेतावनी

काबुल। अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच फिर सैन्य संघर्ष शुरू होने के पूरे आसार दिख रहे हैं। अफगानिस्तान पर शासन कर रहे तालिबान ने पाकिस्तान को चेतावनी दी है कि बच्चों की हत्या का जवाब दिया जाएगा। दरअसल, पाकिस्तान एयर फोर्स ने सोमवार को अफगानिस्तान के कंधार और पक्तिका पर हमला किया था। पाकिस्तान के इस हमले में 9 बच्चों समेत 10 लोगों की जान गई थी। पाकिस्तान की सेना ने इसके अलावा अफगानिस्तान के खोस्त मे भी घुसपैठ की थी। इन्हीं घटनाओं से नाराज तालिबान अब पाकिस्तान से बदला लेने की बात कर रहे हैं।

बीते दिनों भी आतंकियों पर कार्रवाई के नाम पर पाकिस्तान एयर फोर्स ने अफगानिस्तान में कई जगह बमबारी की थी। पाकिस्तान की इस बमबारी में तीन क्रिकेटरों समेत अफगानिस्तान के कई आम लोगों की जान गई थी। उस वक्त पाकिस्तान को तालिबान ने अपनी सेना के जरिए जोरदार जवाब दिया था। तालिबान के पलटवार में पाकिस्तान सेना के तमाम जवान मारे गए थे। तालिबान ने एक जगह तो पाकिस्तान के कई टैंक भी कब्जे में ले लिए थे। फिर तुर्की की मध्यस्थता की वजह से अफगानिस्तान और पाकिस्तान का सैन्य संघर्ष रुका था।

पाकिस्तान हमेशा अपने यहां तहरीक-ए-तालिबान के हमलों के बाद अफगानिस्तान पर संगठन को शह देने का आरोप लगाता है। वहीं, अफगानिस्तान पर शासन करने वाले तालिबान का आरोप है कि खैबर पख्तूनख्वा और कुछ अन्य जगह पाकिस्तान की सेना आईएसआईएस खोरासान के आतंकियों को रखती और ट्रेनिंग देती है। पाकिस्तान इस आरोप से इनकार करता है। इस आरोप के बदले में पाकिस्तान ये आरोप लगाता है कि भारत के इशारे पर अफगानिस्तान की तालिबान सरकार उसके खिलाफ कदम उठाती है। जबकि, पाकिस्तान आज तक इस आरोप के पक्ष में एक भी सबूत नहीं दे सका है। जबकि, तालिबान ने कई बार सबूत दिए हैं कि आईएसआईएस खोरासान के आतंकी अफगानिस्तान में घुसे और वहां आम लोगों की जान ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *