August 12, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अब ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने बाब अल-मंदेब में जहाज पर किया मिसाइल से हमला, तीन पाकिस्तानी समेत छह लोगों की मौत

सना (यमन)। अब तक तो ईरान ही होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों पर हमले कर रहा था। अब ईरान समर्थित यमन के हूती विद्रोहियों ने भी जहाजों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। यमन के परिवहन मंत्रालय के मुताबिक लाल सागर के बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य में तिहामा नाम के छोटे मालवाहक जहाज पर हूती विद्रोहियों ने मिसाइल से हमला किया। हूती के मिसाइल हमले से जहाज में आग लग गई और चालक दल के चार सदस्यों की मौत हुई। दूसरे हमले में दो अन्य भी मारे गए।

यमन के परिवहन मंत्रालय ने बताया कि जहाज के चालक दल के जो चार सदस्य हूती विद्रोहियों के हमले में मारे गए, उनमें तीन पाकिस्तानी और एक इंडोनेशिया का नागरिक है। जहाज के चालक दल के चार और सदस्य हमले में घायल हुए हैं। हूती के मिसाइल हमले की जानकारी मिलने के बाद बचाव दल के लोग वहां चालक दल के सदस्यों को बचाने पहुंचे। उस वक्त जहाज पर दूसरी बार हमला किया गया। इसमें बचाव दल के दो सदस्यों की जान चली गई। हूती विद्रोहियों ने कुछ दिन पहले चेतावनी दी थी कि वे बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य में जहाजों को निशाना बना सकते हैं। होर्मुज के बाद बाब अल-मंदेब जहाजों के आने-जाने का दूसरा महत्वपूर्ण मार्ग है।

इस हमले के बाद पहले जानकारी आई कि तिहामा नाम का जहाज सऊदी अरब का है, लेकिन बाद में पता चला कि वो तंजानिया का झंडा लगाकर जा रहा था। इस जहाज की मालिक कंपनियां यमन और मिस्र में हैं। बता दें कि हूती विद्रोही अब तक सऊदी अरब पर हमले करते रहे हैं। हूती विद्रोहियों ने बीते दिनों ही ड्रोन से सऊदी अरब में अरामको की तेल रिफाइनरी को निशाना बनाया था। सऊदी अरब लगातार यमन के हूती विद्रोहियों पर सैन्य कार्रवाई करता रहा है। अमेरिका ने भी कई बार हूती विद्रोहियों पर हमले किए हैं, लेकिन ईरान से ड्रोन और मिसाइलें हासिल कर हूती भी लगातार पलटवार करते रहे हैं। हूती विद्रोही यमन पर पूरी तरह कब्जा करना चाहते हैं। सऊदी अरब ऐसे में उनको खत्म करने की कोशिश में लगा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *