जेपीएससी की भर्तियों के लिए लाखों रुपए लिए गए!, मास्टरमाइंड अभय तिवारी ने सीआईडी के सामने इन लोगों के नाम उजागर किए
रांची। झारखंड लोकसेवा आयोग (जेपीएससी) के खिलाफ अभ्यर्थियों का धरना-प्रदर्शन बुधवार को 19वें दिन भी जारी है। इस बीच, जेपीएससी भर्ती में कथित घोटाला की जांच में बड़ा खुलासा होने की खबर है। न्यूज चैनल आजतक की खबर के मुताबिक जेपीएससी परीक्षा में धांधली के मास्टरमाइंड अभय तिवारी ने झारखंड सीआईडी को बताया है कि जेपीएससी की 14वीं पीटी परीक्षा के अलावा 11वीं और 13वीं परीक्षा में भी धांधली की गई थी। उसने बताया है कि अभ्यर्थियों से पैसे लेकर इंटरव्यू में उनके नंबर बढ़ाए गए। सीआईडी अब इस मामले में जेपीएससी की सदस्य रहीं डॉ. अनिमा हांसदा से पूछताछ करने वाली है। इससे पहले एक और सदस्य रहीं अजीता भट्टाचार्य से सीआईडी पूछताछ कर चुकी है।
खबर के मुताबिक अभय तिवारी ने झारखंड सीआईडी को बताया कि जेपीएससी परीक्षा के इंटरव्यू में नंबर बढ़ाने के लिए लाखों रुपए लिए जाते थे। अभय ने बताया है कि फॉरेस्ट रेंज अफसर (एफआरओ) और असिस्टेंट कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट (एसीएफ) परीक्षा में 20 अभ्यर्थियों से 5.80 करोड़ रुपए लिए गए। एफआरओ पद के लिए 20 से 25 लाख और एसीएफ के लिए 30 से 35 लाख की रकम ली जाती थी। वहीं, सीडीपीओ परीक्षा में नंबर दिलाने के लिए 10 लाख रुपए लिए जाते रहे। अभय तिवारी के मुताबिक नामकुम के निवासी आदित्य पांडे ने जेपीएससी के अध्यक्ष रहे एल. ख्यांगते, अजीता भट्टाचार्य, उनके पीए ब्रजराम, जमाल अहमद, अनिमा हांसदा और परीक्षा कराने वाली कंपनी टीडीपीएल के डायरेक्टर रामवीर सिंह से संपर्क कर जेपीएसपी परीक्षाओं के इंटरव्यू में नंबर बढ़वाए।
अभय तिवारी ने झारखंड सीआईडी को बताया कि लालू नाम का एक एजेंट है। उसके जरिए जेपीएससी पास कर चुके तीन अभ्यर्थियों से उसका संपर्क हुआ था। इन अभ्यर्थियों को ख्यांग्ते और अजीता भट्टाचार्य के इंटरव्यू बोर्ड में लिया गया। ताकि उनके नंबर आसानी से बढ़ाए जा सकें। अभय तिवारी के इस खुलासे के बाद अब जेपीएससी से जुड़े और भी लोगों को गिरफ्तार किया जा सकता है। सीआईडी पहले ही जेपीएससी चेयरमैन रहे एल. ख्यांगते को गिरफ्तार कर चुकी है। उधर, आंदोलन कर रहे अभ्यर्थी जेपीएससी भर्ती घोटाला की जांच सीबीआई से कराने की मांग पर अड़े हैं। इनका ये भी कहना है कि वे अब झारखंड सरकार के किसी मंत्री से नहीं मिलेंगे। वो अब सीएम हेमंत सोरेन से ही बातचीत करना चाहते हैं।
