September 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

जमुई के बाद अब समस्तीपुर में लड़की को सड़क पर पकड़कर सरेआम छेड़खानी और अभद्रता, चार गिरफ्तार

नई दिल्ली। बिहार के जमुई में पिछले दिनों नाबालिग छात्रा के साथ कुछ लड़कों के द्वारा छेड़खानी किए जाने का मामला अभी शांत नहीं हुआ और इसी तरह की एक और घटना समस्तीपुर में हो गई। समस्तीपुर के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बांध बाईपास रोड पर एक लड़की को रोककर कुछ युवकों ने उसके साथ सरेआम छेड़छाड़ की, उसका हाथ मरोड़ा और अभद्रता की। लड़की उन मनचलों से बचने की गुहार लगाती रही लेकिन वो छेड़खानी से बाज नहीं आए। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने फिलहाल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित लड़की अपने दोस्त के साथ बांध बाईपास रोड से जा रही थी। इस दौरान वो सड़क पर रुककर फोटो लेने लगी। तभी वहां कुछ मनचले पहुंच गए और लड़की को परेशान करने लगे। उन सबने मिलकर लड़की को पकड़ लिया और बैड टच करने लगे। उसे जबर्दस्ती खींचने लगे और उसके साथ गाली गलौच भी की। जब लड़की ने उनसे कहा कि मैं अपने भाई को बुलाती हूं तो वो मनचले बोले, जिसे बुलाना है बुला लो। इस दौरान किसी ने इस पूरे प्रकरण का वीडियो बना लिया जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बाद में पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर मनचलों की पहचान की और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। दो आरोपियों की पहचान विकास कुमार शर्मा, निवासी, जगतसिंहपुर वार्ड-2 और राहुल कुमार, निवासी जगतसिंहपुर वार्ड-1 के रूप में हुई है। विकास पर कई केस भी पहले से दर्ज हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर आरोपियों के विषय में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने कहा कि यह बहुत ही संवदेनशील मामला है और इसमें जो भी आरोपी हैं उनको किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *