September 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

मेरठ की बेटी डॉ. मानवी सिंघल ने NEET-PG में लहराया परचम

नरेंद्र बंसल –

मेरठ। एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज की होनहार चिकित्सक डॉ. मानवी सिंघल ने NEET-PG परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए अखिल भारतीय स्तर पर 2600वीं रैंक हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ मेरठ का नाम भी रोशन हुआ है।

डॉ. मानवी सिंघल सामाजिक संस्था ‘एक प्रयास’ की अध्यक्ष ममता सिंघल और दवा व्यवसायी सुनील सिंघल की पुत्री हैं। उन्होंने अपनी सफलता से साबित किया कि निरंतर मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

डॉ. मानवी ने मेरठ के प्रतिष्ठित एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई के बाद वह इसी संस्थान में चिकित्सक के रूप में सेवाएं दे रही थीं। अब NEET-PG में ऑल इंडिया 2600वीं रैंक हासिल कर उन्होंने अपनी मेहनत और प्रतिभा का परिचय दिया है।

माता-पिता और शुभचिंतकों ने दी बधाई

डॉ. मानवी की सफलता पर उनके माता-पिता ममता सिंघल और सुनील सिंघल ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी। वहीं ‘एक प्रयास’ संस्था के सदस्यों, साथी चिकित्सकों और शुभचिंतकों ने भी डॉ. मानवी को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

डॉ. मानवी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के मार्गदर्शन, शिक्षकों के सहयोग और निरंतर मेहनत को दिया। उनकी इस उपलब्धि को लेकर परिवार और परिचितों में खुशी का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *