June 15, 2026

Hind foucs news

hindi new update

एनसीसी ऑफिसर विजयपाल सांवरिया को राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार

  • नरेंद्र बंसल

मेरठ/जयपुर।छावनी परिषद द्वारा संचालित सीएबी इंटर कॉलेज के एनसीसी ऑफिसर विजयपाल सांवरिया को राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार–2026 से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर, जयपुर में आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया गया। योगधानम सहारा समिति फाउंडेशन, नई दिल्ली द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में फाउंडेशन के अध्यक्ष कमल चौधरी, ग्रुप कैप्टन आर.सी. त्रिपाठी तथा सेवानिवृत्त आर्मी ऑफिसर व कम्युनिटी लीडर सी.के. सक्सेना ने उन्हें पुरस्कार प्रदान किया। यह पुरस्कार देशभर में कला, संस्कृति, साहित्य और सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली विभूतियों को प्रतिवर्ष दिया जाता है।

विजयपाल सांवरिया को यह सम्मान समाज सेवा, युवा मार्गदर्शन, राष्ट्रनिर्माण और भारतीय लोक कला के संरक्षण एवं प्रसार में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया। एनसीसी अधिकारी के रूप में उन्होंने हजारों युवाओं को अनुशासन, राष्ट्रभक्ति, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रशिक्षण दिया है। उनके मार्गदर्शन में अनेक कैडेट्स राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रमों में सहभागिता कर चुके हैं।
इसके साथ ही वे राजस्थानी लोक संस्कृति के संरक्षण में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। घूमर, चरी, तेरहताली और कालबेलिया जैसे प्रसिद्ध लोकनृत्यों में दक्ष सांवरिया लोकगीतों और नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जोड़ने का निरंतर प्रयास कर रहे हैं। उनकी प्रस्तुतियों को देश के विभिन्न सांस्कृतिक आयोजनों में सराहा गया है।

सामाजिक क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है। वे नशा मुक्ति, फिटनेस अभियान, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण तथा जरूरतमंदों की सहायता से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय रहते हैं। पुरस्कार मिलने पर छावनी परिषद मेरठ, सीएबी इंटर कॉलेज और 72 यूपी बटालियन एनसीसी में खुशी का माहौल है। छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी जाकिर हुसैन, संयुक्त अधिशासी अधिकारी हर्षिता चमड़ियां, प्रधानाचार्य डॉ. विनोद कौशिक सहित अन्य अधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।

मूल रूप से माँचल (अलवर), राजस्थान निवासी विजयपाल सांवरिया वर्तमान में सीएबी इंटर कॉलेज में हिंदी प्रवक्ता, एनसीसी ऑफिसर और प्रसिद्ध राजस्थानी लोक नर्तक के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने इस सम्मान का श्रेय अपने माता-पिता और पत्नी संगीता विजय को दिया।कार्यक्रम में सिक्किम हाईकोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश नरेंद्र कुमार जैन तथा पूर्व आईपीएस अधिकारी अनिल कुमार जैन भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *