August 10, 2026

Hind foucs news

hindi new update

राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ पद के लिए इंटरव्यू की तारीख तय, जानिए कितने लोगों ने किया था आवेदन

अयोध्या। राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ पद के लिए अभ्यर्थियों के इंटरव्यू की तारीख तय हो गई है। जानकारी के मुताबिक अयोध्या के राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से 11 और 12 अगस्त को सीईओ पद के लिए इंटरव्यू किए जाएंगे। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने 13 जुलाई को सीईओ पद के लिए विज्ञापन जारी किया था। विज्ञापन में इच्छुक अभ्यर्थियों से 18 जुलाई तक आवेदन करने के लिए कहा गया था। राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ के लिए 5500 से ज्यादा आवेदन आए थे।

राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से जारी विज्ञापन में बताया गया था कि सीईओ को तीन साल के कॉन्ट्रैक्ट पर रखा जाएगा। कामकाज अच्छा रहने पर इस कॉन्ट्रैक्ट को बढ़ाया जा सकता है। सीईओ के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता स्नातक और उम्र सीमा 50 से 70 साल तय की गई थी। इसके अलावा राम मंदिर ट्रस्ट ने विज्ञापन में ये भी लिखा था कि इस पद के अभ्यर्थी को भगवान श्रीराम का भक्त और वैष्णव होना भी जरूरी है। राम मंदिर सीईओ के लिए किसी बड़े सार्वजनिक संगठन, संस्था, विभाग या कंपनी के मैनेजमेंट का कम से कम 20 साल का अनुभव भी मांगा गया था।

राम मंदिर में चंदा चोरी की घटना जब सामने आई, तो ट्रस्ट ने अहम बैठक की। इस बैठक में ही तय हुआ कि राम मंदिर में रोजमर्रा के कामकाज की देखभाल के लिए सीईओ की नियुक्ति की जाए। राम मंदिर ट्रस्ट ने सीईओ पद के लिए आए आवेदनों की छंटनी का जिम्मा एक कमेटी को दिया था। ट्रस्ट की पिछली बैठक में कमेटी ने बताया था कि सीईओ पद के लिए आए आवेदनों की छंटनी में कुछ और वक्त लगेगा। अब राम मंदिर ट्रस्ट की ओर से सीईओ की नियुक्ति के लिए इंटरव्यू की तारीखें तय होने से संकेत हैं कि अगस्त के अंत या सितंबर की शुरुआत तक ये काम पूरा कर लिया जाएगा। सीईओ की नियुक्ति के बाद राम मंदिर ट्रस्ट व्यवस्था को सुधारने के लिए कई और कदम भी उठा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *