September 19, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अब बरेली की नरगिस पर लगा कथित प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या का आरोप, जानिए कैसे पुलिस को कर रही थी गुमराह?

बरेली। आए दिन पत्नियों के हाथ पतियों की हत्या की खबरें आ रही हैं। ताजा मामला यूपी के बरेली का है। बरेली के भुता थाना इलाके के फैजनगर गांव में नरगिस नाम की महिला पर आरोप लगा है कि उसने गांव में ही रहने वाले कथित प्रेमी राजा उर्फ रियाज के साथ मिलकर अपने पति पप्पू की हत्या कर दी। इतना ही नहीं, नरगिस ने पुलिस को गुमराह करने की भी नाकाम कोशिश की। पप्पू की हत्या 11 सितंबर की रात हुई थी। उसकी उम्र 42 साल थी। पुलिस ने इस मामले में नरगिस और राजा को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक पप्पू ने 10 सितंबर की रात राजा को नरगिस के साथ देख लिया था। इसके बाद राजा और पप्पू में विवाद हुआ। पप्पू की पत्नी नरगिस ने 15 सितंबर को भुता थाने में तहरीर दी थी कि उसका पति 11 सितंबर की रात अचानक लापता हो गया। अगले दिन ही उसने पुलिस से कहा कि परिचित राजा पर पति पप्पू की हत्या का शक है। पुलिस ने राजा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। राजा की ओर से जो बताया गया, उससे पुलिस को नरगिस पर भी शक हुआ। इसके बाद भुता थाने की पुलिस ने नरगिस से भी पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक राजा और नरगिस पूछताछ में टूट गए। दोनों ने पप्पू की हत्या की बात कबूल ली।

पुलिस के मुताबिक नरगिस ने पति पप्पू के पैर दबाकर रखे। वहीं, उसके कथित प्रेमी राजा ने नायलॉन की रस्सी से गला दबाकर जान ली। पप्पू के शव को ठिकाने लगाने के बाद हत्या को छिपाने की कोशिश की गई। पुलिस ने बताया कि राजा और नरगिस ने पुलिस को बताया कि पप्पू का शव बोरे में बंद कर एक ईंट भट्ठे के पास झाड़ियों में फेंका था। पुलिस ने उस जगह से पप्पू का शव बरामद किया। बता दें कि बीते करीब दो साल से प्रेम प्रसंग के कारण पतियों की हत्या करने का आरोप कई महिलाओं पर लगा है। उन सभी मामलों में आरोपी महिलाएं और प्रेमी जेल में हैं। अब इनमें नरगिस और राजा का नाम भी जुड़ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *