माफिया रहे अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की फरार पत्नियों शाइस्ता और जैनब की मदद कर रहे रिश्तेदार!, प्रयागराज प्रशासन ने बिठाई जांच
प्रयागराज। माफिया डॉन रहे अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या के बाद दोनों की पत्नियां शाइस्ता परवीन और जैनब के साथ ही बहन फरार हैं। तीनों पर यूपी सरकार ने काफी इनाम घोषित कर रखा है। अब खबर ये है कि अतीक के रिश्तेदार शाइस्ता और जैनब की आर्थिक मदद कर रहे हैं। दैनिक जागरण अखबार के मुताबिक प्रयागराज प्रशासन को पता चला है कि अतीक और अशरफ की संपत्तियों को उसके रिश्तेदार बेचकर उनकी फरार पत्नियों को रकम भेज रहे हैं। प्रशासन ने इस मामले में जांच शुरू कराई है।
प्रयागराज के कसारी-मसारी इलाके में अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ ने तमाम जमीनों पर कब्जा किया था। इनमें सरकारी और शत्रु संपत्ति की जमीनें भी हैं। अतीक और अशरफ की इन जमीनों के बारे में प्रयागराज प्रशासन को जानकारी मिली है कि माफिया का साला और शाइस्ता परवीन का भाई जकी अहमद अपने साथी नबी अहमद और इस्माइल के साथ मिलकर अतीक और अशरफ की जमीनों पर प्लॉटिंग कर बेच रहा है। इसके अलावा अतीक ने जकी के नाम पर जो जमीन खरीदी थी, वो भी बेची जा रही। खबर के मुताबिक अतीक अहमद के भाई अशरफ के नाम से प्रयागराज के धूमनगंज में 18 बिस्वा जमीन है।
अशरफ के नाम इस जमीन को पुरामुफ्ती के हटवा का निवासी और अशरफ का साला जैद मास्टर अपने रिश्तेदार नायब अली और मोहम्मद अशरफ के साथ प्लॉटिंग कर बेच रहा है। जिसकी रकम अतीक की पत्नी शाइस्ता और अशरफ की पत्नी जैनब तक पहुंचाने की खबर प्रशासन को मिली है। इस मामले में प्रयागराज के एडीएम प्रशासन ने एसडीएम सदर, जिले के मुख्य राजस्व अधिकारी, एडीएम वित्त व राजस्व, एडीएम नजूल, सीलिंग के प्रभारी अफसर और शत्रु संपत्ति के प्रभारी अधिकारी को जांच कर कार्रवाई के लिए कहा है। सवाल ये है कि जब अतीक अहमद और अशरफ की संपत्ति जब्त हो चुकी है, तो उसे दोनों के रिश्तेदार बेच कैसे रहे हैं। साथ ही शाइस्ता और जैनब किस जगह छिपी हैं। दोनों की तलाश अब तक यूपी एसटीएफ भी नहीं कर सकी है।
