शेख हसीना की बेटी साइमा वाजेद ने WHO एरिया डायरेक्टर पद से किया रिजाइन
नई दिल्ली। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की बेटी साइमा वाजेद ने वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गनाइजेशन (WHO) के क्षेत्रीय प्रमुख पद से इस्तीफा दे दिया है। वो दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र की एरिया डायरेक्टर के रूप में काम कर रही थीं। फरवरी 2024 में साइमा की एरिया डायरेक्टर के पद पर नियुक्ति हुई थी। उनका 5 साल का कार्यकाल जनवरी 2029 में पूरा होना था मगर उन्होंने उससे पहले ही रिजाइन कर दिया। साइमा पर वित्तीय धोखाधड़ी के आरोप लगे थे और उनके खिलाफ डब्ल्यूएचओ और बांग्लादेशी अधिकारियों द्वारा जांच चल रही थी। इससे पहले जुलाई, 2025 में साइमा को बिना वेतन के प्रशासनिक अवकाश पर भेज दिया गया था।
रिपोर्ट के अनुसार साइमा पर उनकी चीन की यात्रा से जुड़े खर्च को लेकर WHO की जांच में सवाल उठे थे। इसके अलावा शैक्षणिक योग्यता से संबंधित गलत जानकारी देने और बांग्लादेश में एक प्लॉट की जमीन खरीद को लेकर भी वो जांच के घेरे में थीं। हालांकि साइमा ने किसी भी प्रकार के फाइनेंशियल फ्रॉड या अन्य आरोपों से इनकार किया था। अपने इस्तीफे में साइमा ने इन आरोपों पर जवाब भी दिया है। साइमा ने WHO नेतृत्व के प्रति भरोसा खत्म होने की बात कही है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक अवैतनिक अवकाश पर रहने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति खराब हो गई। मौजूदा हालात में वो अपनी जिम्मेदारियां का निर्वहन प्रभावी तरीके से नहीं कर पा रही हैं और इसी कारण से उन्होंने इस्तीफा देने का निर्णय लिया।
बांग्लादेश में जिस जमीन को लेकर साइमा पर आरोप लगे उसके बारे में उन्होंने कहा कि उस जमीन को उन्होंने WHO में पद संभालने से पहले लिया था और बांग्लादेश के एक विशेष कानून के तहत वो इसके लिए पात्र थीं। जबकि चीन यात्रा से जुड़े खर्च के विषय में साइमा के वकीलों ने जुलाई 2026 में WHO को भेजे लेटर में कहा था कि उनकी मुवक्किल ने कोई वित्तीय धोखाधड़ी नहीं की, यह प्रशासनिक चूक से जुड़ा मामला था।
