September 12, 2026

Hind foucs news

hindi new update

40 साल पहले युवती से की थी छेड़छाड़, 64 की उम्र में गिरफ्तार हुआ आरोपी

नई दिल्ली। कहते हैं कि इंसान को अपने किए हर बुरे काम का अंजाम कभी न कभी भुगतना जरूर पड़ता है। मध्य प्रदेश के मोघट रोड थाना क्षेत्र से ऐसा ही एक मामला सामने आया है। एक युवती से छेड़छाड़ के करीब चार दशक पुराने मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने 40 साल बाद धर दबोचा है। फिलहाल आरोपी की उम्र 64 साल है। जिस वक्त उसने युवती से छेड़छाड़ की थी उस समय वो लगभग 24 साल का था। यह घटना उस कहावत को भी चरितार्थ करती है कि कानून के हाथ बहुत लंबे होते हैं और उससे कोई अपराधी बच नहीं सकता।

टीवी9 की खबर के अनुसार, मध्य प्रदेश के मोघट रोड पुलिस स्टेशन में 1986 में एक युवती की ओर से संजय नगर निवासी अशोक कुमार के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराई गई थी। उस समय आरोपी अशोक की उम्र 24 वर्ष थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। बाद में उसे जमानत मिल गई थी। जमानत मिलने के बाद आरोपी अशोक कभी भी किसी सुनवाई में अदालत नहीं पहुंचा। पर कोर्ट की ओर से आरोपी के खिलाफ स्थाई वारंट जारी कर दिया था। तब से आरोपी अशोक फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में थी।

मुखबिर से मिली सूचना के बाद पुलिस ने उसे शहर के ही बस अड्डे के पास जूस की एक दुकान से आरोपी अशोक को गिरफ्तार कर लिया है। इतने सालों में आरोपी के चेहरे और शरीर में काफी बदलाव आ चुका है। वहीं पुलिस ने जब आरोपी अशोक से पूछताछ की तो उसे ऐसा कोई मामला याद ही नहीं है। उसने कहा कि मुझे नहीं पता कि यह मामला कब का है और मेरे ऊपर किस युवती को छेड़ने के आरोप हैं। फिलहाल पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपी अशोक को जेल भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *